मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में हावर्ट बांध पर बन रही
फोरलेन सड़क के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री ने फोरलेन सड़क के ड्रॉइंग मैप का अवलोकन कर प्रोजेक्ट की प्रगति की
जानकारी ली तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

फोरलेन सड़क के निर्माण से बाढ़ बचाव के साथ ही
यातायात की समस्या का समाधान होगा : मुख्यमंत्री

राजघाट से डोमिनगढ़ तक फोरलेन की सड़क बन रही,
डोमिनगढ़ में एक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा

हावर्ट बांध के बाद माधोपुर तटबंध को फोरलेन से जोड़ते हुए महेसरा को जोड़ने
की कार्रवाई होगी, इससे शहर के बाहर फोरलेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी मिल जाएगी

राजघाट पुल से डोमिनगढ़ तक 04 किलोमीटर
से अधिक लम्बाई की फोरलेन सड़क बनेगी

डोमिनगढ़ से माधोपुर तटबंध होते हुए महेसरा तक 10 किलोमीटर से अधिक
लम्बे मार्ग को फोरलेन किया जाएगा, डोमिनगढ़ में एक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण होगा

लखनऊ : 20 अप्रैल, 2025

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद गोरखपुर में हावर्ट बांध पर बन रही फोरलेन सड़क के निर्माण कार्यों का बहरामपुर रेगुलेटर नम्बर एक के समीप स्थलीय निरीक्षण किया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री जी ने फोरलेन सड़क के ड्रॉइंग मैप का अवलोकन कर प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी ली और कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (निर्माण खण्ड-2) के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद लोगो। को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस फोरलेन से बाढ़ बचाव के साथ ही यातायात की बड़ी समस्या का समाधान होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर चारों ओर से जल से घिरा हुआ क्षेत्र है। पूर्व में रामगढ़ताल, उत्तर की तरफ चिलुआताल, पश्चिम की तरफ राप्ती नदी और पश्चिमोत्तर में रोहिन नदी गोरखपुर महानगर को घेरे हुए है। रोहिन नदी से बचाव के लिए माधोपुर तटबंध बना हुआ है। राप्ती और रोहिन नदी का संगम डोमिनगढ़ में होता है और इसके बाद राप्ती नदी गोरखपुर के पश्चिम की ओर से बहती है। राप्ती नदी की बाढ़ से बचाव के लिए हावर्ट बांध बना हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में यदि कहीं बाढ़ आ जाती है, तो गोरखपुर महानगर ही महत्वपूर्ण केंद्र होता है जहां से बचाव के कार्य सुगमता से सम्पन्न होते हैं। बाढ़ से शहर के बचाव के लिए दशकों से मांग हो रही थी। वर्ष 2017-18 में इसी क्षेत्र में जब हावर्ट बांध पर राप्ती नदी का लेवल उठ रहा था, तब बाढ़ से बचाव के लिए अत्यन्त संवेदनशील स्थिति बन गई थी। काफी मशक्कत के बाद तटबंध को बचाया जा सकता था। इसे देखते हुए और यातायात की समस्या से भी निजात दिलाने के लिए एक नई व्यवस्था बनाई गई है। इसमें राजघाट से डोमिनगढ़ तक फोरलेन की सड़क बन रही है। डोमिनगढ़ में एक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हावर्ट बांध के बाद माधोपुर तटबंध को भी फोरलेन से जोड़ते हुए महेसरा को जोड़ने की कार्रवाई होगी। इससे शहर के बाहर फोरलेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी मिल जाएगी। राजघाट, टी0पी0 नगर से होते हुए नेपाल जाने वाले मार्ग पर जाने के लिए यात्रियों को शहर के अंदर जाने की जरूरत नहीं रहेगी। इस फोरलेन से सीधे महेसरा और फिर वहां से सोनौली मार्ग पर जाना आसान होगा। यही स्थिति मालभाड़ा पर भी लागू होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां पास में स्थित साहबगंज मुख्य मण्डी है। यहां पर कपड़े का भी बड़ा व्यापार है। इसके चलते ट्रक रात भर खड़े रहते हैं। लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। दिन में भी आवागमन में दिक्कत होती है। अब फोरलेन बन जाने पर दिन हो या रात लोग घर आ-जा सकेंगे और व्यापरियों के माल का आवागमन भी आसान हो जाएगा। यह परियोजना लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम द्वारा पूर्ण किया जा रहा है। सिंचाई विभाग को भी जिम्मेदारी दी गई है कि वह बरसात से पूर्व रेगुलेटरों का अनुरक्षण कर लें। कोई समस्या हो तो समय रहते उसका समाधान कर लिया जाए, ताकि शहर के अन्दर जलजमाव की समस्या न होने पाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राजघाट पुल से डोमिनगढ़ तक 04 किलोमीटर से अधिक लम्बाई की फोरलेन सड़क बनेगी। इस पर 195 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। डोमिनगढ़ से माधोपुर तटबंध होते हुए महेसरा तक 10 किलोमीटर से अधिक लम्बे मार्ग को फोरलेन किया जाएगा, जिस पर लगभग 380 करोड़ रुपये खर्च होंगे। साथ ही डोमिनगढ़ में एक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण होगा, जिस पर 132 करोड़ रुपये का व्यय आएगा। कुल 700 करोड़ रुपये के ऊपर का यह कार्य जनता के लिए स्वीकृत किया गया है। स्वीकृति के बाद यहां कार्य भी युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यदायी संस्थाएं समय पर कार्य पूर्ण कर लेंगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस कार्य के प्रारम्भ होने से तात्कालिक रूप से कुछ लोगों को परेशानी हुई होगी। किसी का भी मकान आदि मार्ग में आ रहा हो, तो उसके सम्मानजनक ढंग से पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था प्रशासन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे कार्यक्रम को आमजन और व्यापारियों की सुरक्षा व सुविधा के दृष्टिकोण से सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने