मुख्यमंत्री ने जनपद बहराइच में मिहींपुरवा (मोतीपुर) में नए तहसील भवन का लोकार्पण तथा तहसील कार्मिकों के आवासीय भवन का शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही : मुख्यमंत्री

प्रत्येक तबके को शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के प्रदान किया जा रहा, ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना साकार हो रही

विकास का कोई विकल्प नहीं, विकास प्रक्रिया का हिस्सा बनना हम सभी का दायित्व

बहराइच भारत की ऋषि परम्परा से जुड़ा जनपद, महर्षि बालार्क का विश्वप्रसिद्ध आश्रम इसी जनपद में

महाराज सुहेलदेव ने बहराइच की भूमि को विजय भूमि के रूप में परिवर्तित करने का काम किया

यहां महाराजा सुहेलदेव का विजय स्मारक भी बनकर तैयार, कुछ ही दिनों में लोकार्पण की कार्यवाही सम्पन्न होगी

प्रदेश सरकार द्वारा राजस्व से सम्बन्धित 33 लाख वादों के निस्तारण के लिए उठाए गए कदमों के परिणामस्वरूप गरीबों को न्याय प्राप्त हुआ

एण्टी भूमिया टास्क फोर्स के माध्यम से 64 हजार एकड़ भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया, वर्तमान में यह भूमि प्रदेश में निवेश का माध्यम बन रही

प्रदेश सरकार प्रत्येक तहसील में फायर स्टेशन की स्थापना का प्रयास कर रही, ताकि अग्नि से सम्बन्धित दुर्घटना में जनधन की हानि न होने पाए

राज्य सरकार ने वन्य जीव संघर्ष को आपदा की श्रेणी में रखा, मानव-वन्यजीव संघर्ष के शिकार लोगों के पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष से तत्काल 05 लाख रु0 की सहायता राशि प्रदान करने की व्यवस्था

बहराइच में स्थित कतर्नियाघाट वन्य जीव अभ्यारण्य को ईको टूरिज्म के नए हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा

प्रधानमंत्री जी ने महाकुम्भ आयोजन तथा प्रदेशवासियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की, इतना बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन दुनिया में अभी तक कहीं नहीं हुआ

पूरी दुनिया भारत की सनातन संस्कृति और भारत की परम्परा का गुणगान कर रही, भारत के महापुरुषों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव प्रत्येक नागरिक में होना चाहिए


लखनऊ : 20 मार्च, 2025


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रत्येक तबके को शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के प्रदान किया जा रहा है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना साकार हो रही है। पूरा देश एकजुट होकर कार्य कर रहा है। सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता। हम सभी का दायित्व बनता है कि हम इस विकास प्रक्रिया का हिस्सा बनें। विकास की गाथा तभी आगे बढ़ सकती है, जब हम अपनी विरासत को गौरव के साथ आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद बहराइच में मिहींपुरवा (मोतीपुर) में 08 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक लागत से निर्मित नए तहसील भवन के लोकार्पण तथा तहसील कार्मिकों के आवासीय भवन का शिलान्यास करने के पश्चात इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसके पूर्व, उन्होंने तहसील परिसर में हरिशंकरी पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि बहराइच भारत की ऋषि परम्परा से जुड़ा जनपद है। कहा जाता है कि महर्षि बालार्क का विश्वप्रसिद्ध आश्रम इसी जनपद में था। बहराइच का नाम बालार्क ऋषि के नाम पर ही आगे बढ़ा। बहराइच वही भूमि है जहां एक विदेशी आक्रांता को धूल धूसरित करते हुए महाराज सुहेलदेव ने भारत की विजय पताका को दिग दिगंत तक पहुंचाने का काम किया था। महाराज सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांताओं को जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया, उसी का परिणाम था कि अगले डेढ़ सौ वर्षों तक कोई भी विदेशी आक्रांता भारत पर आक्रमण करने का दुस्साहस नहीं कर सका। उन्होंने बहराइच की भूमि को विजय भूमि के रूप में परिवर्तित करने का काम किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एक सामान्य नागरिक के लिए तहसील अत्यन्त आवश्यक होती है। तहसील भूमि रिकॉर्ड, भूमि पैमाइश, वरासत, नामान्तरण, बंटवारा तथा भूमि उपयोग आदि से जुड़े हुए सभी मामलों के निस्तारण का केन्द्र होती है।  वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में 33 लाख से अधिक राजस्व मामले लम्बित थे। यह मामले लोगों में विवाद का कारण बनते थे। प्रदेश सरकार द्वारा राजस्व संहिता बनाकर वाद निस्तारण की समय सीमा तय की गई। एस0डी0एम0, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो तथा लेखपाल आदि किसी भी स्तर पर वाद लम्बित होने पर सम्बन्धित की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रदेश सरकार द्वारा राजस्व से संबंधित 33 लाख वादों के निस्तारण के लिए उठाए गए कदमों के परिणामस्वरूप गरीबों को न्याय प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एण्टी भूमिया टास्क फोर्स के माध्यम से 64 हजार एकड़ भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। वर्तमान में यह भूमि प्रदेश में निवेश का माध्यम बन रही है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक गांव में ग्राम सचिवालय बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। ग्राम सचिवालय में ऑप्टिकल फाइबर या वाईफाई की सुविधा प्रदान की जाएगी। गांव के लोगों को गांव में ही बैंकिंग सुविधा मिलनी चाहिए। जन्म, मृत्यु, आय, जाति तथा निवास प्रमाण पत्र गांव में ही प्राप्त होने चाहिए। ज्यादातर ग्राम पंचायतों ने इस कार्य को आगे बढ़ाना प्रारम्भ किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब भूमि पैमाइश में मनमानापन नहीं चल सकता। सेटेलाइट के माध्यम से यह व्यवस्था की जाएगी कि किसी गरीब की एक इंच भूमि भी इधर से उधर न हो। प्रदेश सरकार इस व्यवस्था को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है। इस कार्य के लिए अच्छी क्वालिटी के तहसील भवन की आवश्यकता थी। आज यह तहसील भवन आप सभी को समर्पित किया जा रहा है। तहसील से जुड़े अधिकारी भी यहां निर्मित आवासों में रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा पहले ही तय किया जा चुका है कि तहसील, ब्लॉक, सर्किल तथा थानों से सम्बंधित अधिकारी इन्हीं जगहों पर रात्रि निवास करेंगे। इस कार्य से गरीब, किसान, युवा तथा महिला आदि को समय से न्याय मिलेगा। प्रदेश सरकार प्रत्येक तहसील में फायर स्टेशन की स्थापना का प्रयास कर रही है, ताकि अग्नि से सम्बन्धित दुर्घटना में जनधन की हानि न होने पाए। सरकार आवागमन सुगम बनाने के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब बहराइच के लोग भेड़ियों के आतंक से परेशान थे, वह तब भी यहां आए थे। भेड़िये यहां सामान्य दिनों में नुकसान नहीं करते। लेकिन उस समय उन्होंने अचानक जनहानि करनी प्रारम्भ कर दी थीं। भेड़ियों ने अनेक बच्चों को अपना शिकार बनाया था। अन्ततः वह पकड़े गए। राज्य सरकार ने वन्य जीव संघर्ष को आपदा की श्रेणी में रखा है। यद्यपि किसी भी जनहानि की भरपाई नहीं हो सकती, लेकिन मानव-वन्यजीव संघर्ष के शिकार लोगों के पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष से तत्काल 05 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा की अनन्त सम्भावनाओं को समेटे हुए यह बहराइच जनपद घाघरा और सरयू नदी के तट पर स्थित है। यहां की भूमि अत्यन्त उर्वरा है। यहां पर्याप्त वन सम्पदा है। इस जनपद में पर्यटन की अनन्त सम्भावनाएं हैं। यहां कतर्नियाघाट वन्य जीव अभ्यारण्य स्थित है। इसे ईको टूरिज्म के नए हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अब बहराइच में मेडिकल कॉलेज भी बन गया है। यहां महाराजा सुहेलदेव का विजय स्मारक भी बनकर तैयार हो चुका है। कुछ ही दिनों में इसके लोकार्पण की कार्यवाही सम्पन्न होगी। एक-सवा घण्टे में लखनऊ से बहराइच की दूरी तय कर महाराज सुहेलदेव के विजय स्तम्भ को नमन करते हुए कतर्नियाघाट में इको टूरिज्म का आनन्द लिया जा सकेगा। इससे रोजगार के अनेक अवसर सृजित होंगे। हमने बहराइच का बाईपास भी स्वीकृत कर दिया है। नेपाल से कनेक्टिविटी को सुगम बना दिया गया है। यह जनपद पहले अव्यवस्था तथा अराजकता का शिकार था। अब यहां कोई भी अराजकता नहीं फैला सकता।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व बहराइच जनपद की जी0डी0पी0 मात्र 6,934 करोड़ रुपये थी। वर्ष 2023-24 में यह कई गुना बढ़कर 25,000 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। इस दौरान बहराइच में निवेश के अनेक प्रस्ताव आए हैं। निवेश से रोजगार की सम्भावनाएं बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि आज गोण्डा में यहां के युवाओं को भी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत 05 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा। जिससे वह युवा उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना सकेंगे। आगामी 25, 26 तथा 27 मार्च को जनपद स्तरीय मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शेष युवा उद्यमियों को भी बैंकर्स के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसमें आने वाले ब्याज का भुगतान सरकार स्वयं करेगी। सरकार इसके लिए मार्जिन मनी की व्यवस्था भी करने जा रही है। ताकि नए उद्यमियों को विकसित तथा आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बहराइच में प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दो लाख 10 हजार से अधिक गरीबों को एक-एक आवास उपलब्ध कराया है। 04 लाख 12 हजार से अधिक गरीबों के घर में शौचालय का निर्माण किया गया है। 1,041 गांवों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया गया है। पूरे प्रदेश में एक करोड़ चार लाख से अधिक गरीबों को 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन की सुविधा प्रदान की जा रही है। बहराइच में 66,200 से अधिक निराश्रित महिलाओं, 1,29,000 से अधिक वृद्धजन तथा 20,000 से अधिक दिव्यांगजन को 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन की सुविधा प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद में 52,800 से अधिक बेटियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत बेटियों जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए प्रदेश सरकार 25 हजार रुपये उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत बहराइच में अब तक हजारों बेटियों का विवाह कराया गया है। प्रदेश में 04 लाख 57 हजार से अधिक बेटियां इस योजना से लाभान्वित हुई हैं है। अभी तक इस योजना के अन्तर्गत 51,000 रुपये की धनराशि प्रदान की जाती थी। आगामी 01 अप्रैल से प्रारम्भ होने वाले वित्तीय वर्ष में इस धनराशि को बढ़ाकर 01 लाख रुपये किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूरी दुनिया भारत की सनातन संस्कृति और भारत की परम्परा का गुणगान कर रही है। भारत के महापुरुषों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव प्रत्येक नागरिक में होना चाहिए। किसी भी आक्रांता का महिमा मंडन नहीं करना चाहिए। आक्रांता की महिमा मंडन का तात्पर्य देशद्रोह की नींव को पुख्ता करना है। स्वतंत्र भारत ऐसे किसी देशद्रोही को स्वीकार नहीं कर सकता, जो भारत के महापुरुषों को अपमानित करता हो तथा उन आक्रांताओं का महिमा मंडन करता हो, जिन्होंने भारत की सनातन संस्कृति व आस्था पर प्रहार किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महाकुम्भ-2025 के भव्य आयोजन के पश्चात पूरी दुनिया उत्तर प्रदेश की ओर कुतूहल भरी निगाहों से देख रही है। आपने अभी हाल ही में प्रधानमंत्री जी द्वारा महाकुम्भ के विषय में संसद में दिए गए वक्तव्य को सुना होगा। प्रधानमंत्री जी ने महाकुम्भ आयोजन तथा प्रदेशवासियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। इतना बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन दुनिया में अभी तक कहीं नहीं हुआ है। महाकुम्भ में माँ गंगा, माँ यमुना तथा माँ सरस्वती की त्रिवेणी के संगम पर 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। यह महाकुम्भ अनन्त काल तक भारत की महान सनातन संस्कृति की युग गाथा के गायन हेतु आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर सांसद डॉ0 आनन्द कुमार गोंड व श्री करण भूषण सिंह, विधायक श्रीमती सरोज सोनकर, श्री सुरेश्वर सिंह, श्री सुभाष त्रिपाठी, श्री राम निवास वर्मा, श्रीमती अनुपमा जायसवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ0 प्रज्ञा त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

--------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने