विश्व की छठी सर्वश्रेष्ठ ‘यूनिवर्सिटी कालेज लंदन’ में सी.एम.एस. छात्रा चयनित

लखनऊ, 2 मार्च। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, महानगर कैम्पस की मेधावी छात्रा आरना चोपड़ा ने विश्व की अत्यन्त प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी कालेज लंदन (यू.सी.एल.) में मेडिकल साइंस की उच्चशिक्षा हेतु चयनित होकर लखनऊ का नाम अन्तर्राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया है। मेडिकल साइंस के क्षेत्र में यूनिवर्सिटी कालेज लंदन विश्व की छठी सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सिटी है, जिसमें उच्चशिक्षा हेतु चयनित होना गौरव की बात है। आरना ने यह अभूतपूर्व उपलब्धि अपने ज्ञान-विज्ञान, मेधात्व व शैक्षणिक उत्कृष्टता के दम पर अर्जित की है तथापि इस सफलता का श्रेय विद्यालय के अपने शिक्षकों व विद्यालय के शान्तिपूर्ण शैक्षिक वातावरण को दिया है। सी.एम.एस. प्रबन्धक, प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने सी.एम.एस. छात्रा की इस अभूतपूर्व सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है। प्रो. किंगडन ने विद्यालय की प्रधानाचार्या व शिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया। प्रो. किंगडन ने आगे कहा कि यूसीएल में एमेरिटस प्रोफेसर होने के नाते मैं जानती हूँ कि यूसीएल में एडमीशन हेतु दुनिया भर के छात्रों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा होती है। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स श्री ऋषि खन्ना ने दी है। 

श्री खन्ना ने बताया कि आरना ने अभी हाल ही में स्विटजरलैण्ड स्थित विश्व की सबसे बड़ी परमाणु प्रयोगशाला ‘यूरोपियन आर्गनाइजेशन फॉर न्यूक्लियर रिसर्च (सर्न)’ में इन्टर्नशिप पूरी करके विश्व पटल पर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। इस वैज्ञानिक अनुसंधान केन्द्र में इन्टर्नशिप हेतु पूरे विश्व से मात्र 30 उभरते हुए वैज्ञानिकों को चयनित किया गया, जिनमें भारत से एकमात्र सी.एम.एस. की आरना चोपड़ा भी शामिल थी। इस इन्टर्नशिप के दौरान आरना ने चिकित्सा अनुप्रयोगों में अमूल्य अनुभव प्राप्त  किया।

श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर भी है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध करा रहा है। श्री खन्ना ने बताया कि प्रतिवर्ष भारी संख्या में सी.एम.एस. छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक 

सी.एम.एस. के 50 से अधिक छात्रों ने अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों जैसे कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, कैलीफोर्निया इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलटेक), मैसाचुसेट्स इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एम.आई.टी.), स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी, कार्नेल यूनिवर्सिटी, मेलबर्न यूनिवर्सिटी एवं नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर आदि में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का नाम रोशन किया है।


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने