मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज सहारनपुर में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में जनपद सहारनपुर में विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करे। सभी निर्माण कार्य महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इन कार्यों की प्रगति का साप्ताहिक मूल्यांकन किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आई0जी0आर0एस0, जनसुनवाई एवं सी0एम0 हेल्पलाइन प्रकरणों को मेरिट के आधार पर निस्तारित किया जाए। राजस्व वादों की तहसीलवार समीक्षा की जाए तथा इनका निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। एन0डी0पी0एस0 के दृष्टिगत सहारनपुर मण्डल की पूरी रेंज संवेदनशील है। शामली सहित अन्य जनपदों में इस कार्य में शामिल लोगों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
सभी थानों में साइबर हेल्प डेस्क तथा महिला हेल्पडेस्क सक्रिय रहें। फुट पेट्रोलिंग को बढ़ाया जाए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के अन्तर्गत सी0सी0टी0वी0 कैमरे क्रियाशील रहें। इन कैमरों के माध्यम से अपराध को नियंत्रित करने में एवं ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलती है। ट्रैफिक व्यवस्था के अन्तर्गत पी0आर0डी0, होमगार्ड्स तथा महिला पुलिस कार्मिकों को भी जिम्मेदारी दी जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्ट्रीट वेण्डर्स के लिए वेण्डिंग जोन बनाए जाएं। सड़क पर टैम्पो, टैक्सी सहित अन्य वाहन न खडे़ हों। कहीं भी अवैध टैक्सी एवं बस स्टैण्ड संचालित न हों। ई-रिक्शा चालकों का वैरीफिकेशन किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी नाबालिग वाहन न चलाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में 60 बेडेड नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा किया जाए। इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं तथा कार्डियोलॉजिस्ट एवं न्यूरोलॉजिस्ट की उपलब्धता की जानकारी भी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयुष्मान भारत योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के लाभार्थियों का इलाज कर रहे हॉस्पिटल्स का भुगतान एक माह से अधिक बकाया न रहे। इसमें की गई लापरवाही से जन सामान्य को कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। प्रत्येक माह बैठक कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जिस स्तर पर लापरवाही हो उस स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने जनपद में आयोजित जन आरोग्य मेलों की जानकारी भी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि टी0बी0 मुक्त भारत अभियान के अन्तर्गत प्रभावित बच्चों को गोद लिया जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को प्रोत्साहित किया जाए। जनप्रतिनिधि टी0बी0 ग्रस्त लोगों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी निरन्तर लेते रहें। उन्होंने कहा कि बीमारी केवल व्यक्तिगत नहीं होती, बल्कि समाज के लिए एक चैलेंज पैदा करती है। प्रधानमंत्री जी के टी0बी0 मुक्त भारत अभियान के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए हमें प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा की जाए। इसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाए। जनपद में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित किया जाए तथा आवश्यक मैनपावर की उपलब्धता भी सुनिश्चित करायी जाए। राज्य सरकार आगामी वित्तीय वर्ष से जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य को तेजी से आगे बढ़ाने जा रही है। सभी ग्राम सचिवालय सक्रिय रूप से कार्य करें। जो ग्राम सचिवालय अच्छा कार्य कर रहे हैं, उनको उत्सव भवन की सुविधा भी दी जाएगी। यह उत्सव भवन ग्राम सचिवालय परिसर में ही स्थित होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वुडकार्विंग उद्योग जनपद सहारनपुर की प्रमुख पहचान है। वुडकार्विंग उद्योग को बढ़ावा दिया जाए तथा इसे सी0एफ0सी0 से जोड़ा जाए। उद्यमियों एवं निवेशकों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक माह जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा प्रत्येक तिमाही मण्डलायुक्त एवं डी0आई0जी0 बैठक करें। जनपद सहारनपुर प्लास्टिक फ्री हो, इसके दृष्टिगत अधिकारीगण कार्य करें। सीडी रेशियो में सुधार के दृष्टिगत बैंकर्स के साथ नियमित बैठक की जाए।
ढमोला नदी को प्रवाहवान बनाने के दृष्टिगत नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करें। नगरीय क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। इसके लिए नगर आयुक्त और उपाध्यक्ष सहारनपुर विकास प्राधिकरण कार्य करें। नगरों में भी उत्सव भवन बनाए जाएं। उन्होंने झांसी नगर निगम द्वारा बनाए गए स्पेस म्यूजियम का उदाहरण देते हुए कहा कि सिटी को स्मार्ट बनाने के लिए नवाचारों को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने प्रोजेक्ट अलंकार के कार्यों को तय समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने आगामी 25 मार्च को राज्य सरकार के 08 वर्ष पूर्ण होने पर जनपद में 03 दिवसीय प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए। इसमें सभी विभागों की योजनाओं एवं आगे की कार्ययोजनाओं का उल्लेख किया जाए। इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। इस आयोजन में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, ओ0डी0ओ0पी0 योजना सहित अन्य विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, प्रगतिशील कृषकों तथा बेहतर कार्य करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाए। आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभान्वित भी किया जाए। इसमें फूड कोर्ट भी लगाए जाएं।
इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री जी ने माँ शाकुम्भरी देवी शक्तिपीठ एवं भूरादेव मन्दिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने माँ शाकुम्भरी देवी शक्तिपीठ में पर्यटन विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सम्बन्धित विभाग व कार्यदायी संस्था समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय में पूर्ण कराएं।
समीक्षा बैठक में एम0एस0एम0ई0 मंत्री श्री राकेश सचान, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा, उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय, लोक निर्माण राज्यमंत्री श्री बृजेश सिंह, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री श्री जसवन्त सिंह सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know