हरि परमार्थ सेवा संस्था ने हरदा पहुंच कर किया संत शिव सेवक दास महाराज का सम्मान
हरदा नगर के प्रतिष्ठित मोराने परिवार द्वारा भव्य गणगौर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु मां गणगौर, रनुबाई माता एवं धनियर राजा की आराधना में भाव-विभोर हो रहे हैं। खंडवा बायपास रोड स्थित सीताराम गार्डन में जारी इस आयोजन में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं और माता के भजनों की रसधारा में सराबोर हो रहे हैं।
गुरुवार रात्रि को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अभिषेक ग्रीन वैली कॉलोनी महिला मंडल की महिलाओं ने एकजुट होकर शानदार नृत्य प्रस्तुति दी। एक जैसे परिधान व पारंपरिक साफा पहने इन श्रद्धालु महिलाओं ने अपनी प्रस्तुति से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनकी सजीव व मनमोहक प्रस्तुति को देखकर दर्शक भी खुद को रोक नहीं पाए और तालियों की गड़गड़ाहट से पंडाल गूंज उठा।
इस भव्य महोत्सव में कुल 7 से 8 मंडलों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। भिलट देव गणगौर मंडल रहटगांव के गायक राहुल यादव द्वारा गाए गए प्रसिद्ध भजन "सरस वन में..." ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जय मां गायत्री गणगौर मंडल खड़गांव नसूलागंज, जय मां गणगौर मंडल नकवाडा, गुरुकृपा गणगौर मंडल हरदा, शिव शक्ति गणगौर मंडल सोहागपुर, नवज्योति बालिका मंडल टिमरनी सहित अन्य मंडलों की भक्ति संगीत प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने किया संत सम्मान
गुरुवार रात्रि हरदा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कामेडिया भी माता के दर्शन हेतु पधारीं। उन्होंने वृंदावन से पधारे शिवसेवक दास महाराज का विशेष सम्मान किया। साथ ही, इंदौर-बड़वाह से आए समाजबंधु महेश पांजरे, विकास काले, दीपक गोरे एवं हरि परमार्थ सेवा संस्था इंदौर के राजेश सवनेर द्वारा भी शिवसेवक दास महाराज का स्वागत किया गया। सभी ने मां गणगौर के पावन दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
शिवसेवक दास महाराज का सान्निध्य बना आकर्षण
गणगौर महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में वृंदावन के प्रख्यात संत शिवसेवक दास महाराज का सान्निध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, कथा वाचन, भजन संध्या, स्वांग एवं झांकियों का आयोजन हो रहा है।
मोराने परिवार के हेमंत मोराने ने बताया कि यह भव्य आयोजन 31 मार्च तक जारी रहेगा, जिसमें भक्तगण निरंतर मां गणगौर की भक्ति में लीन होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know