अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मनीषा सवनेर को किया सम्मानित, कला और मेहनत से बनाई अपनी अलग पहचान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में खंडवा विधानसभा की लोकप्रिय विधायक कंचन तनवे, पंधाना विधायक छाया मोरे, महापौर अमृता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेडे, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना करना और अन्य महिलाओं को प्रोत्साहित करना था। इसी क्रम में खंडवा की गुरव समाज की होनहार बेटी मनीषा सवनेर को भी सम्मानित किया गया। मनीषा ने फोटोग्राफी जैसे पुरुष प्रधान क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे खंडवा शहर की पहली प्रोफेशनल महिला फोटोग्राफर, स्पोर्ट्स वूमन, भाजपा महिला मंडल सदस्य और सोशल वर्कर भी हैं। उनकी मेहनत और समर्पण ने उन्हें समाज में एक मिसाल बना दिया है। मनीषा एक कुशल बास्केटबॉल खिलाड़ी भी हैं और उन्होंने इस खेल में कई पदक अर्जित किए हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक कंचन तनवे, विधायक छाया मोरे, महापौर अमृता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेडे और अन्य महिला मोर्चा की पदाधिकारियों द्वारा मनीषा को मंच पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मनीषा की उपलब्धियों की खुले दिल से सराहना की गई। हेमंत मोराने ने बताया कि मनीषा खंडवा शहर की पहली और एकमात्र महिला हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में फोटोग्राफी जैसे क्षेत्र को अपना करियर बनाया और आज अपनी कला के माध्यम से ना केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनीं, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियां भी बखूबी निभा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मनीषा जैसी बेटियां हमारे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
विधायक कंचन तनवे ने अपने संबोधन में कहा
मनीषा जैसी बेटियां समाज को आगे बढ़ाने वाली सशक्त आवाज हैं। उनकी कहानी अन्य लड़कियों को भी नए रास्ते चुनने की प्रेरणा देगी। विधायक छाया मोरे ने भी मनीषा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा, हमारी बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। मनीषा ने यह सिद्ध कर दिखाया है कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। महापौर अमृता यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेडे ने भी मनीषा को बधाई देते हुए कहा कि उनका संघर्ष और उपलब्धियां हर उस बेटी के लिए आदर्श हैं, जो अपने सपनों को पूरा करना चाहती है। सम्मान प्राप्त कर मनीषा भावविभोर हो गईं। उन्होंने कहा, यह सम्मान मेरे लिए गौरव का क्षण है। मैं आभारी हूं अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज का, जिन्होंने मुझे हमेशा आगे बढ़ने का हौसला दिया। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं अपनी कला और सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज को कुछ लौटाऊं। इस सम्मान समारोह में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला मोर्चा की सदस्याएं और बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही। आयोजन में नारी शक्ति का उत्सव मनाते हुए समाज में महिलाओं की भूमिका को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know