मुख्यमंत्री ने प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को टाइम्स ऑफ इण्डिया स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स प्रदान किये

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में विगत 10 वर्षां में
देश में लोगों ने नई खेल संस्कृति को देखा : मुख्यमंत्री

आज देश में खेल व खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के
विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे, जो हर स्तर पर देखने को मिल रहे

हम जितना भी खेल में निवेश करेंगे, वह व्यर्थ नहीं जाएगा, यह युवा पीढ़ी
के माध्यम से देश को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करेगा

खेल विभाग, उ0प्र0 प्रदेश के सभी 18 मण्डलों में प्रथम चरण में एक-एक स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए, अच्छे खिलाड़ियों को इन कॉलेजों में कोच के रूप में रखा जाए

खेल व खिलाड़ियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इण्डिया की मदद से हर जनपद में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा

 प्रदेश के सभी 826 विकास खण्डों में मिनी स्टेडियम और हर जनपद में
एक स्टेडियम बनाने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जा रही


लखनऊ : 22 फरवरी, 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में विगत 10 वर्षां में लोगों ने देश में नई खेल संस्कृति को देखा है। आज देश में खेल व खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जो हर स्तर पर देखने को मिल रहे हैं। खिलाड़ियों की आवश्यकता के अनुरूप खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर, सरकारों की प्राथमिकता का हिस्सा बन पाया है। अपनी युवा पीढ़ी को दिग्भ्रमित होने से बचाना है, तो उसे खेल जैसी गतिविधियों से जोड़ना होगा।
मुख्यमंत्री जी आज यहां टाइम्स ऑफ इण्डिया स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिष्ठित खिलाड़ियों श्री गुकेश डी0 (शतरंज), सुश्री मनु भाकर (शूटिंग), श्री कपिल देव (क्रिकेट), श्री सुहास एल0वाई0 (बैडमिण्टन) को सम्मानित किया। उन्होंने टाइम्स आफ इण्डिया ग्रुप के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने लखनऊ में देश के सभी प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को बुलाकर उनका सम्मान किया है और आने वाली पीढ़ी को नई प्रेरणा प्रदान की है।
मुख्यमंत्री जी ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि कोई भी खिलाड़ी जब खेलता है, तो अपने देश के लिए खेलता है। उसका समर्पण, अनुशासन, टीम भावना समाज को नई दिशा प्रदान करती है। वह युवाओं को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। हम जितना भी खेल में निवेश करेंगे, वह व्यर्थ नहीं जाएगा। यह युवा पीढ़ी के माध्यम से देश को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करेगा। खेल भी एक कैरियर हो सकता है, समाज में यह दृष्टि विकसित हो रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हर जनपद का एक विशिष्ट उत्पाद चयनित किया गया है। जनपद मेरठ को स्पोर्ट्स गुड्स के रूप में चुना गया है। इस दिशा में और भी आगे प्रयास करते हुए खेल विभाग से कहा गया है कि प्रदेश के सभी 18 मण्डलों में प्रथम चरण में एक-एक स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए जाएं। इनका खेल विश्वविद्यालय के साथ एफीलिएशन किया जाए। अच्छे खिलाड़ियों को इन कॉलेज का दायित्व दिया जाए। उन्हें कोच के रूप में रखा जाए। इन खिलाड़ियों के व्यावहारिक अनुभव का लाभ हमारी युवा पीढ़ी को प्राप्त होगा। यह नई पीढ़ी को एक रचनात्मक दिशा प्रदान करेगी तथा देश की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए एक नई प्रेरणा भी होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विगत 08 वर्षां में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने के लिए लगातार कार्य किया है। हर गांव में खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत निधि का उपयोग खेल मैदान बनाने में वरीयता के साथ किया जा रहा है। महिलाओं व पुरुषों के लिए ओपेन जिम बनाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा अब तक 85 हजार स्पोर्ट्स किट युवक मंगल दल व महिला मंगल दल को प्रदान की जा चुकी हैं। प्रदेश के सभी 826 विकास खण्डों में मिनी स्टेडियम और हर जनपद में एक स्टेडियम बनाने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। खेल व खिलाड़ियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इण्डिया की मदद से हर जनपद में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खेल एक अच्छी और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करता है। अनेक अभिभावक अपने बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पेरिस ओलम्पिक में हमारे खिलाड़ियों ने कमाल कर दिया था। टोक्यो ओलम्पिक तथा पेरिस ओलम्पिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश में बुलाकर सम्मानित करने का सौभाग्य हमें मिला था। इसके लिए प्रदेश सरकार ने अलग से बजट की व्यवस्था की थी, क्योंकि वह देश के लिए खेले थे। राज्य सरकार आगे भी खेल और खिलाड़ियों के लिए इस प्रकार के कार्य आगे बढ़ाएगी। प्रदेश में पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मेरठ में प्रारम्भ की जा रही है। इस यूनिवर्सिटी के प्रथम कुलपति के रूप में एक अर्जुन अवार्ड प्राप्त खिलाड़ी को नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी सम्मानित खिलाड़ियों द्वारा खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए दिए गए सुझावों को प्रदेश सरकार धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। इस कार्य के लिए प्रदेश और देश में धन की कमी नहीं है। हम सभी संसाधन उपलब्ध कराने को तैयार हैं। खिलाड़ी अपनी पूरी तैयारी करें। केंद्र व राज्य सरकार इस दिशा में हर प्रकार का सहयोग करने को तैयार है।
---------


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने