उ0प्र0 में पहली बार देश के 02 प्रसिद्ध फुटबॉल क्लब मोहन
बागान और ईस्ट बंगाल का मैच आयोजित किया गया

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कप के अन्तर्गत मोहन बागान और
ईस्ट बंगाल के मध्य खेले गये फुटबाॅल मैच का अवलोकन किया

विद्यार्थियों को फुटबाॅल वितरित कर फुटबाॅल वितरण अभियान का शुभारम्भ किया

उ0प्र0 में फुटबॉल के प्रति रोमांच है, मुख्यमंत्री कप के माध्यम
से फुटबॉल को मंच देने का कार्य किया गया: मुख्यमंत्री

राज्य के सभी जनपदों में एक-एक स्टेडियम फुटबाॅल के लिए समर्पित
करने की फुटबाल संघ की अपेक्षा को प्रदेश सरकार आगे बढ़ाना चाहती

प्रदेश में विकसित हो रहे 57,000 खेल के मैदानों में
1000 खेल मैदान फुटबाॅल के लिए पृथक किए जा सकते

प्रदेश सरकार निजी खेल अकादमियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही

500 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी से जोड़ा जा चुका

राज्य सरकार ने ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व
चैम्पियनशिप में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों तथा प्रतिभाग करने
वाले खिलाड़ियों को इंसेंटिव व पुरस्कार की व्यवस्था निर्धारित की

लखनऊ: 02 सितम्बर, 2024


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में फुटबॉल के प्रति रोमांच है। देश के 02 प्रसिद्ध फुटबॉल क्लब मोहन बागान तथा ईस्ट बंगाल का मैच पहली बार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कप के माध्यम से प्रदेश में फुटबॉल को एक मंच देने का कार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां के0डी0 सिंह बाबू स्टेडियम में मुख्यमंत्री कप के अन्तर्गत मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के मध्य खेले गये फुटबाॅल मैच के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के विद्यालयों के विद्यार्थियों को फुटबाॅल वितरित कर फुटबाॅल वितरण अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने मुख्यमंत्री कप ट्रॉफी का अनावरण किया तथा फुटबाॅल मैच का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने अतिथि खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भी भारतीय फुटबाॅल संघ की भावनाओं के अनुरूप एक बेहतरीन टीम देने में सफल हो पाएगा। राज्य के सभी 18 मण्डलों व 75 जनपदों में एक-एक स्टेडियम फुटबाॅल के लिए समर्पित करने की फुटबाल संघ की अपेक्षा को प्रदेश सरकार भी आगे बढ़ाना चाहती है। फुटबॉल को हम इसी प्रकार आगे भी प्रोत्साहित करने का कार्य कर पाएंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 57,000 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान, 825 विकास खण्डों में मिनी स्टेडियम तथा सभी 75 जनपदों में स्टेडियम बनाने की कार्रवाई युद्ध स्तर पर संचालित की जा रही है। भारतीय फुटबाॅल संघ की अपेक्षा है कि उत्तर प्रदेश में कम से कम 1000 खेल के मैदान फुटबॉल के लिए समर्पित हों। प्रदेश सरकार खेल अवसंरचना को विकसित करने के एक बड़े लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। विकसित हो रहे 57,000 खेल के मैदानों में 1000 खेल मैदान फुटबाॅल के लिए पृथक किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का खेल क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राज्य में खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक कार्य प्रारम्भ हुए हैं। हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द, के0डी0 सिंह ‘बाबू’ उत्तर प्रदेश की धरती के ही सपूत थे। ऐसे ही अनेक खिलाड़ियों की जननी उत्तर प्रदेश की भूमि रही है। उत्तर प्रदेश ने फुटबॉल में भी अपना योगदान दिया था। प्रदेश के आकाश मिश्रा, जतिन बिष्ट, शमसी रजा, भुवन चन्द्र जोशी, वाजिद अली, मुश्ताक अली, हिना खातून, पिंकी कुमारी, सपना झा सरीखे खिलाड़ियों ने न केवल प्रदेश, बल्कि हमारे पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 10 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश में खेल संस्कृति तेजी से आगे बढ़ी है। खेलो इंडिया अभियान, फिट इंडिया मूवमेंट, सांसद खेल प्रतियोगिता सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से देश व प्रदेश में एक नया खेल वातावरण निर्मित हुआ है। प्रदेश सरकार ने इन कार्यक्रमों से जुड़कर खेलों को नई दिशा देने का कार्य किया है।
प्रदेश सरकार ने अपनी खेल नीति के माध्यम से ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व चैम्पियनशिप में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी से जोड़ा जा चुका है। टोक्यो ओलम्पिक और पेरिस ओलम्पिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी श्री ललित उपाध्याय को राज्य सरकार ने डिप्टी एस0पी0 पद पर नियुक्त किया है। पेरिस ओलम्पिक में पदक विजेता हॉकी टीम के सदस्य श्री राजकुमार पाल को भी डिप्टी एस0पी0 पद पर नियुक्त किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व चैम्पियनशिप में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों तथा प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को इंसेंटिव व पुरस्कार की व्यवस्था निर्धारित की गयी है। राज्य सरकार भूतपूर्व खिलाड़ियों को भी अलग-अलग जनपदों में सरकार द्वारा संचालित स्पोर्ट्स कॉलेजों, स्पोर्ट्स हॉस्टल में प्रशिक्षक के रूप में नियुक्त कर रही है। साथ ही, निजी खेल अकादमियों को आर्थिक सहायता भी प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव, भारतीय फुटबाॅल संघ के अध्यक्ष श्री कल्याण चैबे, उत्तर प्रदेश क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य श्री अवनीश कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री आलोक कुमार, खेल निदेशक श्री आर0पी0 सिंह तथा अन्य खेल पदाधिकारी व खिलाड़ीगण उपस्थित थे।
-------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने