मुख्यमंत्री ने प्रथम हॉकी इण्डिया जूनियर मेन्स
इण्टर-जोन नेशनल चैम्पियनशिप-2024 का उद्घाटन किया
 
हॉकी एक बार फिर से अपने पुराने वैभव को प्राप्त कर रही : मुख्यमंत्री

यह चैम्पियनशिप आगामी इण्टरनेशनल चैम्पियनशिप, ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ
गेम्स, एशियन गेम्स के लिए भावी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक मंच

खेल और खिलाड़ियों के लिए यह समय बहुत अच्छा, प्रदेश में
जूनियर हॉकी लीग, क्रिकेट लीग सम्पन्न हो रही, कल मोहन
बागान व ईस्ट बंगाल के बीच फुटबॉल मैच होने जा रहा

प्रदेश में खेलों के प्रति यह सकारात्मक माहौल
हमारे खिलाड़ियों व युवाओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगा

वर्तमान में लोग खेल के प्रति जागरूक हुए, एक सकारात्मक भाव के साथ आगे बढ़ रहे

राज्य सरकार निजी खेल अकादमियों को सहायता प्रदान कर रही, प्रदेश
सरकार ने गत वर्ष जनपद गाजीपुर की निजी खेल अकादमी
को 05 करोड़ रु0 की आर्थिक सहायता प्रदान की

प्रदेश सरकार ने 500 से अधिक खिलाड़ियों को
उ0प्र0 शासन की अलग-अलग सेवाओं में नौकरी दी


लखनऊ : 01 सितम्बर, 2024

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां प्रथम हॉकी इण्डिया जूनियर मेन्स इण्टर-जोन नेशनल चैम्पियनशिप-2024 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है। भारत ने दुनिया में हॉकी के माध्यम से अपनी खेल प्रतिभा का लोहा सदैव मनवाया है। हॉकी एक बार फिर से अपने पुराने वैभव को प्राप्त कर रही है। हॉकी अपने गौरवशाली क्षणों की पुनः अनुभूति कराने के लिए उतावली दिखाई दे रही है। उन स्थितियों में जूनियर हॉकी खिलाड़ियों की यह लीग इण्टरनेशनल चैम्पियनशिप, ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स के लिए भावी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक मंच भी प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस चैम्पियनशिप में 04 क्षेत्र की 06 टीमें व साई की 02 टीमें एक सप्ताह तक 100 से अधिक मैच खेलेंगी। हॉकी खिलाड़ियों के लिए यह चैम्पियनशिप एक नया अवसर है। पहले ऐसा लगता था कि राष्ट्रीय खेल अपने ही घर में उपेक्षित हो जाएगा। लेकिन अब उपेक्षा नहीं, बल्कि एक नए जुनून के साथ हॉकी आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के लिए यह समय बहुत अच्छा है। प्रदेश में पहली बार जूनियर हॉकी लीग आयोजित की जा रही है। राज्य में क्रिकेट लीग भी सम्पन्न हो रही है। आगामी 02 सितम्बर, 2024 को के0डी0 सिंह बाबू स्टेडियम में मोहन बागान व ईस्ट बंगाल के बीच फुटबॉल मैच होने जा रहा है। प्रदेश में खेलों के प्रति यह सकारात्मक माहौल हमारे खिलाड़ियों व युवाओं को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। खिलाड़ी देश के लिए, हॉकी के लिए जितना अच्छा करेंगे, सरकार द्वारा खिलाड़ियों को उतना अच्छा प्रोत्साहन दिया जाएगा। हमारे खिलाड़ी हॉकी का पुरातन गौरव पुनः स्थापित करेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में विगत 10 वर्षों में खेल और खिलाड़ियों के लिए अनेक अभियान प्रारम्भ हुए हैं। खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया मूवमेण्ट, सांसद खेल प्रतियोगिता जैसी अनेक प्रतियोगिताओं के माध्यम से खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में हर जनपद में साई के सेण्टर के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। पहले लोगों के मन में खेलों के प्रति नकारात्मक भाव दिखता था। लेकिन वर्तमान में लोग खेल के प्रति जागरूक हुए हैं तथा एक सकारात्मक भाव के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश ने अनेक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। इनमेंं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द, श्री के0डी0 सिंह ‘बाबू’, पद्मश्री मो0 शाहिद, श्री रवीन्द्र पाल, श्री सैयद अली, डॉ0 आर0पी0 सिंह, श्री सुजीत कुमार, श्री रजनीश मिश्र, मो0 शकील, श्री देवेश चौहान, श्री एम0पी0 सिंह, श्री जगवीर सिंह, श्री विवेक सिंह, श्री राहुल सिंह, श्री ललित उपाध्याय, श्री राजकुमार पाल, सुश्री प्रेममाया, सुश्री रंजना श्रीवास्तव, सुश्री मंजू बिष्ट, सुश्री पुष्पा श्रीवास्तव, सुश्री रजनी जोशी, सुश्री वंदना कटारिया, सुश्री रितुषा कुमारी आर्या जैसे अनेक खिलाड़ियों ने न केवल प्रदेश व देश में, बल्कि दुनिया में अपनी प्रतिभा से भारत का मान बढ़ाया है।
इन सभी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर प्रयास किए हैं। मेजर ध्यानचन्द के नाम पर प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय मेरठ में बनाया जा रहा है। के0डी0 सिंह ‘बाबू’ के पैतृक आवास को राज्य सरकार ने नीलाम होने से बचाया और उस पर के0डी0 सिंह ’बाबू’ के स्मारक व भव्य म्यूजियम बनाने की कार्रवाई चल रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि टोक्यो ओलम्पिक व पेरिस ओलम्पिक में भारतीय हॉकी ने पदक प्राप्त कर अपने पुराने गौरव को प्राप्त किया है। प्रदेश सरकार ने टोक्यो ओलम्पिक व पेरिस ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम के सदस्य श्री ललित उपाध्याय को डिप्टी एस0पी0 बनाया है। पेरिस ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी श्री राजकुमार पाल को राज्य सरकार डिप्टी एस0पी0 बनाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेल नीति के माध्यम से खेल व खिलाड़ियों के विकास हेतु प्रयास प्रारम्भ किये हैं। इन प्रयासों के अर्न्तगत राज्य सरकार निजी खेल अकादमियों को सहायता प्रदान कर रही है। श्री ललित उपाध्याय व श्री राजकुमार पाल गाजीपुर की निजी खेल अकादमी से आगे बढ़े हैं। प्रदेश सरकार ने गत वर्ष उस निजी खेल अकादमी में खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 05 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी।
ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, वर्ल्ड चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार सीधी भर्ती के माध्यम से सरकारी नौकरी प्रदान कर रही है। प्रदेश सरकार 500 से अधिक खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश शासन की अलग-अलग सेवाओं में नौकरी दे चुकी है व समायोजन कर चुकी है। राज्य सरकार लगातार खिलाड़ियों सम्मानित करने व उन्हें पुरस्कृत करने का कार्य कर रही है।  
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए एवं युवाओं की खेल में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हर जनपद में स्टेडियम, सभी 825 विकास खण्डों में मिनी स्टेडियम, हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान के निर्माण की प्रक्रिया को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ा रही है। 65,000 से अधिक युवक मंगल दल व महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करायी गयी हैं।
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ0 दिलीप टिर्की व महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर खेल निदेशक श्री आर0पी0 सिंह, हॉकी इण्डिया के पदाधिकारी व खिलाड़ीगण उपस्थित थे।
-------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने