मुख्यमंत्री ने हाॅकी इण्डिया के पदाधिकारियों से संवाद किया

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के अभियान में राज्य सरकार
हॉकी इण्डिया का सहयोग करने के लिए तत्पर: मुख्यमंत्री

हॉकी इण्डिया प्रदेश के खेल विभाग के साथ मिलकर विभिन्न
जनपदों में हॉकी के लिए स्टेडियम बनाने की सम्भावनाओं पर कार्य करें

प्रदेश सरकार मेजर ध्यानचन्द के नाम पर मेरठ में
प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय का निर्माण करा रही

राज्य सरकार के0डी0 सिंह ‘बाबू’ के बाराबंकी स्थित पैतृक
आवास को स्मारक व संग्रहालय के रूप में विकसित करने जा रही

प्रदेश सरकार ने अन्तरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में अच्छा स्थान प्राप्त
करने वाले लगभग 500 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी प्रदान की

ग्राम पंचायत स्तर पर प्रतिवर्ष खेल प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएं

विकास खण्ड, तहसील, जनपद, मण्डल व क्षेत्रीय स्तर पर हाॅकी लीग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती, इससे अधिक संख्या में अच्छे खिलाड़ी प्राप्त होंगे

राज्य सरकार शीघ्र ही पेरिस ओलम्पिक-2024 में पदक विजेता पुरुष हाॅकी टीम को सम्मानित करेगी
लखनऊ: 31 अगस्त, 2024

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर 14वीं हाॅकी इण्डिया कांग्रेस की पूर्व संध्या पर हाॅकी इण्डिया के पदाधिकारियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री जी ने हाॅकी इण्डिया के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि हॉकी इण्डिया की 14वीं कांग्रेस का उत्तर प्रदेश में आयोजित होना बहुत महत्वपूर्ण है। हर खिलाड़ी पर हमें गर्व की अनुभूति होती है, चाहे वह किसी भी प्रदेश का हो। खिलाड़ी सर्वप्रथम भारतीय है और वह पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है। हॉकी इण्डिया के पदाधिकारी वैश्विक मानकों के अनुरूप देश के लिए बेहतरीन हॉकी टीम तैयार करें। खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं। हमें खिलाड़ियों के मन में अपनत्व का भाव पैदा करना होगा। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के अभियान में राज्य सरकार हॉकी इण्डिया का सहयोग करने के लिए तत्पर है। हॉकी इण्डिया प्रदेश के खेल विभाग के साथ मिलकर विभिन्न जनपदों में हॉकी के लिए स्टेडियम बनाने की सम्भावनाओं पर कार्य करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हॉकी भारत का राष्ट्रीय खेल है। इसलिए हर भारतीय के मन में हॉकी के प्रति आत्मीयता है और हॉकी खिलाड़ियों व हॉकी इण्डिया से जुड़े लोगों के प्रति सम्मान का भाव है। उत्तर प्रदेश भारतीय हॉकी टीम की सबसे ऊर्वरा स्थली रही है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द का जन्म उत्तर प्रदेश में ही हुआ था। उनके नेतृत्व में भारत ने ओलम्पिक में 03 मेडल जीते। प्रदेश सरकार भारत माता के महान सपूत मेजर ध्यानचन्द के नाम पर मेरठ में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय का निर्माण करा रही है। के0डी0 सिंह ‘बाबू’ भारतीय हॉकी टीम के सितारे थे। प्रदेश सरकार नीलाम होने जा रहे के0डी0 सिंह ‘बाबू’ के बाराबंकी स्थित पैतृक आवास को स्मारक व संग्रहालय के रूप में विकसित करने जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने टोक्यो ओलम्पिक में पदक विजेता हॉकी टीम सहित अन्य खिलाड़ियों को लखनऊ में सम्मानित व पुरस्कृत किया था। इसी प्रकार टोक्यो पैरालम्पिक में पदक विजेता खिलाड़ियों को मेरठ में सम्मानित व पुरस्कृत किया गया था। राज्य सरकार ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व चैम्पियनशिप जैसी अन्तरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में अच्छा स्थान प्राप्त करने वाले लगभग 500 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी प्रदान कर चुकी है।
प्रदेश सरकार ने टोक्यो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के सदस्य श्री ललित उपाध्याय को पुलिस उपाधीक्षक पद पर नियुक्त किया है। इसी प्रकार पेरिस ओलम्पिक की भारतीय हाॅकी टीम के सदस्य श्री राजकुमार पाल को भी पुलिस उपाधीक्षक पद प्रदान करने की घोषणा की। राज्य सरकार शीघ्र ही पेरिस ओलम्पिक-2024 में पदक विजेता पुरुष हाॅकी टीम को सम्मानित करेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व खिलाड़ियों को कोच के रूप में आबद्ध करने की कार्रवाई सम्पन्न की जा रही है। प्रदेश में ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान, विकासखण्ड स्तर पर मिनी स्टेडियम तथा जनपद स्तर पर स्टेडियम बनाने की कार्यवाही युद्ध स्तर पर जारी है। प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर 65,000 से अधिक युवक मंगल दल व महिला मंगल दल को स्पोट्र्स किट वितरित की गई हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि युवाओं को खेल के प्रति आकर्षित किया जाए। ग्राम पंचायत स्तर पर प्रतिवर्ष खेल प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएं। विकास खण्ड, तहसील, जनपद, मण्डल व क्षेत्रीय स्तर पर हाॅकी लीग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं। इससे हमें अधिक संख्या में अच्छे खिलाड़ी प्राप्त होंगे। लोगों के मन में खेल के प्रति जागरूकता पैदा होगी। युवा स्वस्थ व प्रगतिशील होंगे और देश आगे बढ़ेगा। भारत में कभी बल और बुद्धि की कमी नही रही है। युवाओं को हमें नशे व स्मार्ट फोन की लत से बचाना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने हाॅकी इण्डिया के पदाधिकारियों को ओ0डी0ओ0पी0 उत्पाद भी भेंट किये।
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
 इस अवसर पर प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री आलोक कुमार, खेल निदेशक श्री आर0पी0 सिंह, हाॅकी इण्डिया के अध्यक्ष डाॅ0 दिलीप टिर्की, महासचिव श्री भोला नाथ सिंह सहित हाॅकी इण्डिया के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित थे।
-------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने