मुख्यमंत्री ने 73वें अखिल भारतीय पुलिस रेसलिंग क्लस्टर-2024 का उद्घाटन किया
 
स्वस्थ शरीर, समर्थ समाज तथा सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को साकार कर सकता : मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री जी द्वारा विकसित भारत की संकल्पना के लिए प्रस्तुत किए गए़ कार्यक्रमों में खेल तथा खेलकूद गतिविधियों को विशेष महत्व प्रदान किया गया

आज का अवसर प्रधानमंत्री जी की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रहा

पुलिस बलों के नाम अलग-अलग, लेकिन सभी के लिए भारत की सुरक्षा सर्वोच्च मायने रखती

 खेल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ-साथ कार्य के प्रति समर्पण की भावना सिखाता

प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में खेल तथा खेलकूद गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक कार्य योजना को आगे बढ़ाया

प्रदेश में 57 हजार ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान, 825 विकास खण्डों में मिनी स्टेडियम तथा 75 जनपदों में स्टेडियम निर्माण के कार्यक्रम को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा

ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड तथा विश्व चैम्पियनशिप में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाने की कार्यवाही की जा रही

अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को प्रदेश पुलिस बल के साथ जोड़ा गया

सीमा सुरक्षा बल भारत-नेपाल तथा भारत-भूटान सीमा पर बेहतरीन कार्य कर रहा पुलिस बलों को समाज को जोड़ने वाली रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए


लखनऊ : 09 सितम्बर, 2024


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि स्वस्थ शरीर, समर्थ समाज तथा सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को साकार कर सकता है। प्राचीन काल से ही भारतीय परम्परा में खेल और खेलकूद की गतिविधियों को महत्व प्रदान किया गया है। भारतीय ऋषियों ने उद्घोष  किया है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्’ अर्थात् धर्म के सभी साधन स्वस्थ शरीर से ही सम्भव हैं। खेलकूद गतिविधियां, योगासन तथा प्राणायाम आदि क्रियाएं स्वस्थ शरीर के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं। खेल हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ-साथ कार्य के प्रति समर्पण की भावना सिखाता है। यह जीवन में उतार-चढ़ाव के प्रत्येक मोड़ पर संतुलित व्यवहार करने का सामर्थ्य भी देता है। कई बार हमारी पराजय और अधिक बड़ी जीत के लिए मार्ग प्रशस्त करती है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां 35वीं बटालियन पी0ए0सी0 में 73वें अखिल भारतीय पुलिस रेसलिंग क्लस्टर-2024 का उद्घाटन करने से पूर्व अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ने 73वें अखिल भारतीय पुलिस रेसलिंग क्लस्टर- 2024 की मशाल सशस्त्र सीमा बल में मुख्य आरक्षी सुश्री शालिनी पवार को सौंपी। इसके पश्चात खिलाड़ियों द्वारा मार्चपास्ट तथा विभिन्न खेल विधाओं का प्रदर्शन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन सशस्त्र सीमा बल द्वारा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 02 वर्ष पूर्व ऑल इण्डिया पुलिस प्रतियोगिता एथलेटिक्स का आयोजन प्रदेश की राजधानी में सम्पन्न हुआ था। आज अखिल भारतीय पुलिस रेसलिंग क्लस्टर के भव्य आयोजन में देश भर के केंद्र व राज्य पुलिस बलों के अधिकारियों व जवानों को देश के सबसे बड़े राज्य की राजधानी में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ है। इसमें 378 महिला खिलाड़ी प्रतिभाग कर रही हैं। यह आयोजन आगामी 04 दिनों तक चलेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा वर्ष 2014 में विकसित भारत की संकल्पना के लिए प्रस्तुत किए गए अनेक कार्यक्रमों में खेल तथा खेलकूद गतिविधियों को विशेष महत्व प्रदान किया गया। खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट तथा सांसद खेलकूद प्रतियोगिता इसका उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। आज गांव से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताएं विभिन्न आयोजनों के माध्यम से सम्पन्न की जा रही हैं। प्रत्येक वर्ग का व्यक्ति इन आयोजनों के साथ जुड़ रहा है। वर्तमान में पेरिस पैरालम्पिक में भारतीय खिलाड़ियों के जज्बे को पूरा देश तथा दुनिया देख रही है। वहां भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा तथा कौशल का लोहा पूरी दुनिया को मनवाया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में खेल तथा खेलकूद गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक कार्य योजना को आगे बढ़ाया है। राज्य में 57 हजार ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान, 825 विकास खण्डों में मिनी स्टेडियम तथा 75 जनपदों में स्टेडियम निर्माण के कार्यक्रम को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्य में एक खेल नीति भी बनाई गई है। ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड तथा विश्व चैम्पियनशिप में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाने की कार्यवाही की जा रही है। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाने की कार्यवाही के साथ जोड़ा गया है। इनका बेहतरीन प्रदर्शन उत्तर प्रदेश पुलिस बल को नई गति प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज का अवसर इसलिए और अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह प्रधानमंत्री जी की एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को भी साकार कर रहा है। यहां देश के विभिन्न पुलिस बलों के जवान व अधिकारी आयोजन में भागीदार बन रहे हैं। इस आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को देशभर से आए प्रतिभागियों के सामने अपना प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा।
पुलिस बलों के नाम अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन सभी के लिए भारत की सुरक्षा सर्वोच्च मायने रखती है। सीमा सुरक्षा बल भारत-नेपाल तथा भारत-भूटान सीमा पर आपसी सामाजिक, राजनीतिक तथा सांस्कृतिक सम्बन्धों को सुरक्षित रखते हुए तथा आम जनमानस का विश्वास अर्जित करते हुए बेहतरीन कार्य कर रहा है। सीमा सुरक्षा बल द्वारा स्थानीय लोगों को अनेक रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाता है। प्रदेश की साढ़े 500 किलोमीटर सीमा नेपाल से जुड़ी हुई है। इस सीमा की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, सीमा सुरक्षा बल के साथ जॉइन्ट पेट्रोलिंग में भाग लेती है।
मुख्यमंत्री जी ने देश के विभिन्न राज्यों से आए पुलिस कार्मिकों का आह्वान करते हुए कहा कि पुलिस बल राष्ट्रीय सुरक्षा, प्रादेशिक कानून व्यवस्था व सुरक्षा के मुद्दों से सम्बन्धित गुरुत्तर दायित्वों का पालन प्रतिबद्धता व ईमानदारी के साथ करने का प्रयास करते हैं। पुलिस बलों को इन दायित्वों के साथ-साथ समाज को जोड़ने वाली अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए।
महानिदेशक सशस्त्र सीमा बल श्री दलजीत सिंह चौधरी ने स्वागत उद्बोधन किया तथा मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री प्रशांत कुमार सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, देश के विभिन्न राज्यों के पुलिसबलों के प्रतिभागी खिलाड़ी, स्कूली बच्चे तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने