मुख्यमंत्री ने लखनऊ में सशस्त्र सैन्य समारोह का शुभारम्भ किया

भारत की सेना दुनिया की अद्वितीय सेना: मुख्यमंत्री

भारतीय सेना ने सदैव अपनी ताकत, अनुशासन व तकनीकी क्षमता का लोहा न केवल दुश्मनों को मनवाया, बल्कि देश में सम-विषम परिस्थितियों में सकारात्मक भूमिका के साथ कार्य करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन व सहयोग प्रदान किया

इस शानदार आयोजन में सशक्त व आत्मनिर्भर हो रहे भारतीय सशस्त्र बलों के प्रदर्शन से अत्यन्त गौरव की अनुभूति हो रही

यह आयोजन हमारे सशस्त्र बलों की अद्वितीय ताकत, अनुशासन और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन

थल सेना, वायु सेना और नौसेना के एकजुट होकर कार्य करने के परिणामस्वरूप भारत की सीमाएं सुरक्षित, हम हर चुनौती का मुकाबला कर सकते

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत सरकार विगत 10 वर्षाें से देश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही

सशस्त्र बल केवल एक रक्षा ढांचा मात्र नहीं, बल्कि वे राष्ट्र सुरक्षा की मजबूत नींव

उ0प्र0 वीरों की भूमि, देश की सुरक्षा के लिए हर लड़ाई में हमारे युवाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया

प्रदेश सरकार सेवारत व सेवानिवृत्त सैनिकों तथा वीर नारियों के कल्याण के लिये पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही

प्रदेश सरकार डिफेंस काॅरिडोर के निर्माण को तेजी से आगे बढ़ा रही

डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर के लखनऊ नोड में डी0आर0डी0ओ0 ब्रह्मोस तथा झांसी नोड में भारत डायनमिक्स लि0 द्वारा दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्थापित की जा रही

यह आयोजन समाज, विशेष रूप से युवा पीढ़ी को प्रेरित करेगा


लखनऊ: 03 सितम्बर, 2024

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि भारत की सेना दुनिया की अद्वितीय सेना है। भारतीय सेना ने सदैव अपनी ताकत, अनुशासन व तकनीकी क्षमता का लोहा न केवल दुश्मनों को मनवाया, बल्कि देश में सम-विषम परिस्थितियों में सकारात्मक भूमिका के साथ कार्य करते हुए सदैव उत्कृष्ट प्रदर्शन व सहयोग प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां सूर्या खेल परिसर में सशस्त्र सैन्य समारोह का शुभारम्भ करने के पश्चात मुख्य अतिथि के तौर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जगुआर और माइक्रो लाइट एयर शो, भारतीय वायु सेना ड्रिल प्रदर्शन, भारतीय नौसेना ब्रास बैण्ड प्रदर्शन, ट्राइसर्विस शस्त्र प्रदर्शन, युद्ध प्रदर्शन, घुड़सवारी प्रदर्शन, आर्मी डाॅग शो तथा आधुनिकतम सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इस फेस्टिवल के आयोजन के लिए रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह तथा भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस शानदार आयोजन में सशक्त व आत्मनिर्भर हो रहे भारतीय सशस्त्र बलों के प्रदर्शन से अत्यन्त गौरव की अनुभूति हो रही है। यह आयोजन हमारे सशस्त्र बलों की अद्वितीय ताकत, अनुशासन और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन है। थल, जल तथा वायु सेनाओं के एकीकृत समन्वय से दुश्मन को आसानी से कैसे परास्त किया जा सकता है, यह आयोजन इसकी झांकी प्रस्तुत करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन हमारे समाज, विशेष रूप से युवा पीढ़ी को प्रेरित करेगा। सशस्त्र सैन्य समारोह के माध्यम से लोगों को सेना के सामथ्र्य तथा देश की सुरक्षा में हमारे सैनिकों के महत्वपूर्ण योगदान को समझने का अवसर प्राप्त होगा।
हम सभी ने इस समारोह में रक्षा शक्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने वाले नयी पीढ़ी के उन्नत सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन देखा। पैराकमाण्डो की शौर्यपूर्ण कार्यवाही, सेना के प्रशिक्षण प्राप्त श्वान दस्तों का अद्वितीय प्रदर्शन, घोड़ों की उत्कृष्ट ट्रेनिंग, आधुनिकतम काॅम्बैट ड्रोन और स्वार्म ड्रोन की ताकत हमारी सेना की पेशेवर दक्षता का प्रतीक है। इस कार्यक्रम में तीनों सेनाओं द्वारा ज्वाइंटमैनशिप और इण्टीग्रेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया समन्वय का उदाहरण, सशस्त्र बलों की बढ़ती हुई सैन्य ताकत के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को प्रदान की गयी मजबूती को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि थल सेना, वायु सेना और नौसेना के एकजुट होकर कार्य करने का यह परिणाम है कि भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं और हम हर चुनौती का मुकाबला कर सकते हैं। हमें यह भी याद रखना चाहिए कि हमारे सशस्त्र बल केवल एक रक्षा ढांचा मात्र नहीं हैं, बल्कि वे हमारे राष्ट्र की सुरक्षा की मजबूत नींव हैं। हमारे वीर जवान अपनी जान की परवाह किये बिना देश की सेवा में तत्पर रहते हैं। इसलिए वे राष्ट्रनायक के रूप में आम जनमानस का सम्मान प्राप्त करते हैं। हमें गर्व है कि हमारे पास ऐसी सक्षम और समर्पित सेना है, जो देश की सुरक्षा सुनिश्चित करती है।
भारत के बहादुर सैनिकों की सजगता के परिणामस्वरूप आज विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भारत पूरी मजबूती के साथ अपनी सीमाओं की सुरक्षा करने और बड़े से बड़े षड़यंत्र को विफल करने में सक्षम है। हमारे बहादुर जवानों के शौर्य और पराक्रम के परिणामस्वरूप 140 करोड़ देशवासी स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है। देश की सुरक्षा के लिए हर लड़ाई में हमारे युवाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अनेक वीरों ने अपने शौर्य और पराक्रम से देश व प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। प्रदेश सरकार सेवारत सैनिकों, सेवानिवृत्त सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण के लिये पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार देश की सीमाओं की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों के परिजनों को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने, शहीद के परिवार के एक सदस्य को शासकीय सेवा में समायोजित करने, शहीद सैनिक की स्मृतियों को जीवन्त बनाये रखने के लिए उनका स्मारक बनाने तथा उनके नाम पर किसी संस्था का नामकरण करने का कार्य भी कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार विगत 10 वर्षाें से देश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए तेजी के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी ने फरवरी, 2018 में लखनऊ में उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट के शुभारम्भ अवसर पर देश में 02 डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर की घोषणा की थी। उसमें से एक डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर उत्तर प्रदेश में 06 नोडों पर स्थापित हो रहा है। प्रदेश सरकार रक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय बनाकर इस डिफेंस काॅरिडोर के निर्माण के कार्य को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर के लखनऊ नोड में डी0आर0डी0ओ0 ब्रह्मोस तथा झांसी नोड में भारत डायनमिक्स लि0 द्वारा दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं। इन परियोजनाओं से देश की सैन्य शक्ति मजबूत होगी तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को भी बल मिलेगा। आधुनिकतम उपकरण और तकनीक का विकास भारत की धरती पर होगा, जिससे हमारी सेना और भी मजबूत होगी। राष्ट्र रक्षा के इन प्रयासों में उत्तर प्रदेश सदैव अग्रणी भूमिका का निर्वहन करेगा। डिफेंस काॅरिडोर से प्रदेश के युवाओं को व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर सुलभ होंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में फरवरी, 2020 में डिफेंस एक्सपो-2020 का सफल आयोजन किया गया। डिफेंस काॅरिडोर में निवेश की दृष्टि से यह आयोजन अत्यन्त महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ। उत्तर प्रदेश में डिफेंस सेक्टर से सम्बन्धित एच0ए0एल0, आॅर्डिनेंस फैक्ट्रियां, भारत इलेक्ट्राॅनिक्स लिमिटेड आदि इकाइयां पहले से कार्यरत हैं।
इस अवसर पर जनरल आॅफिसर कमाण्डिंग-इन-चीफ, मध्य कमान, ले0 जनरल अनिन्द्य सेनगुप्ता व ले0 जनरल मुकेश चड्ढा, मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, सशस्त्र बलों के जवान तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-------


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने