नवचयनित 1,334 अवर अभियन्ता, संगणक एवं फोरमैन को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये

प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के मिशन रोजगार अभियान को आगे बढ़ाते हुए, प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनाॅमी बनाने के लिए तेजी से आगे बढ़ रही: मुख्यमंत्री

प्रदेश में विगत साढ़े 07 वर्षों में साढ़े 06 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई

प्रदेश विकास के पथ पर तेजी के साथ अग्रसर, देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका
 
यदि कार्मिक निष्ठा व ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे, तो अगले तीन-चार वर्षो में प्रदेश, देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था होगा

प्रदेश सरकार द्वारा भ्रष्टाचारियों तथा बेईमानों की सम्पत्तियों को कुर्क कर गरीबों में वितरित करने का कार्य किया जाएगा

वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश व्यवसाय की सुगमता में 14वें नम्बर पर, आज प्रदेश अचीवर्स स्टेट के रूप में स्थापित हो चुका

प्रदेश सरकार द्वारा किये गये रिफाॅम्र्स के परिणामस्वरूप प्रदेश को 40 लाख करोड़ रु0 के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, इसके माध्यम से लगभग डेढ़ करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे

एक जनपद, एक उत्पाद योजना पूरे देश की ब्रांड बन चुकी

आज प्रदेश रिवेन्यू सरप्लस स्टेट के रूप में स्थापित हो चुका, प्रदेश सरकार के पास विकास के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं

हाईवे तथा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से प्रदेश की इन्टरस्टेट कनेक्टिविटी बेहतर हुई, जनपद मुख्यालयों को फोरलेन सड़कों से जोड़ा गया
 
09 एयरपोर्ट क्रियाशील किये जा चुके, इनमें चार इंटरनेशनल एयरपोर्ट

लखनऊ: 04 सितम्बर, 2024

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रदेश सरकार निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मिशन रोजगार के अभियान को आगे बढ़ाते हुए, प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनाॅमी बनाने के लक्ष्य के लिए तेजी के साथ आगे बढ़ रही है। यह लक्ष्य अत्यन्त निकट दिखाई दे रहा है। प्रदेश में विगत साढ़े 07 वर्षों में साढ़े 06 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। इन युवाओं ने अपनी ऊर्जा तथा प्रतिभा का लाभ प्रदेश को प्रदान किया है। प्रदेश विकास के पथ पर तेजी के साथ अग्रसर होता हुआ दिखाई दे रहा है। प्रदेश देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। साढ़े 07 वर्ष पूर्व प्रदेश, देश की सातवीं बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में जाना जाता था। आज यह नम्बर दो की अर्थव्यवस्था बन चुका है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां लोक भवन में विभिन्न विभागों के
नवचयनित 1,334 अवर अभियन्ता, संगणक एवं फोरमैन आदि को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 18 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। यह पद लोक निर्माण, सिंचाई एवं जल संसाधन, ऊर्जा, आवास एवं शहरी नियोजन, नगर विकास, नमामि गंगे, कृषि, पंचायती राज आदि विभागों से सम्बन्धित हैं।  
मुख्यमंत्री जी ने नव चयनित अभ्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से पूर्ण कर प्रदेश की युवा ऊर्जा के प्रतीक प्रतिभाशाली युवाओं को प्रदेश शासन के विभिन्न विभागों का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने की थी, लेकिन समयाभाव के कारण यह सम्भव नहीं हो सका। आज जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं, उनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों का प्रतिनिधित्व करने वाले अभ्यर्थी सम्मिलित हैं। यह नियुक्ति पत्र बिना किसी भेदभाव के तथा आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए प्रदान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जितनी निष्ठा व ईमानदारी के साथ नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है यदि उतनी ही निष्ठा व ईमानदारी के साथ प्रत्येक कार्मिक कार्य करेगा, तो अगले तीन-चार वर्षो में प्रदेश, देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था होगा। जिसके परिणामस्वरूप हर हाथ को काम तथा हर चेहरे पर खुशहाली होगी। प्रत्येक बेटी सुरक्षित होगी, व्यापारी का सम्मान होगा, अन्नदाता प्रसन्न होगा तथा समाज में चहुंओर खुशहाली होगी। डबल इंजन सरकार इसी उद्देश्य के साथ बिना किसी भेदभाव के कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने नव चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि आप सभी को जनता से जुड़े कार्यों को करने में कभी कोताही नहीं बरतनी चाहिए। आप सभी ने अपनी क्षमता तथा योग्यता से यह सफलता प्राप्त की है। यदि कोई व्यक्ति युवाओं की क्षमता तथा योग्यता के सामने बैरियर बनने का काम करेगा, तो प्रदेश सरकार उस बैरियर को तोड़ने का कार्य करेगी। भ्रष्टाचारियों तथा बेईमानों की सम्पत्तियों को कुर्क कर गरीबों में वितरित करने का कार्य किया जाएगा।
आपको सदैव ईज आफ डूइंग बिजनेस तथा ईज ऑफ़ लिविंग के लक्ष्य के साथ कार्य करना चाहिए। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश व्यवसाय की सुगमता में 14वें नम्बर पर था। आज प्रदेश अचीवर्स स्टेट के रूप में स्थापित हो चुका है। इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा कई रिफॉर्म किए गए। परिणामस्वरूप प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसके माध्यम से लगभग डेढ़ करोड़ युवाओं को नौकरी तथा रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
पहले प्रदेश में कोई निवेश नहीं करना चाहता था। अराजकता तथा गुंडागर्दी के कारण यहां के परंपरागत उद्यम बंद हो रहे थे। अब यह उद्यम पुनर्जीवित हो रहे हैं। एक जनपद, एक उत्पाद योजना पूरे देश की ब्रांड बन चुकी है। हर जनपद का अपना विशेष उत्पाद है। इसके माध्यम से नए रोजगार सृजित हुए हैं तथा लाखों लोगों को रोजगार मिला है। इसके माध्यम से प्रदेश लगातार विकास की प्रक्रिया में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले यहां कार्मिकों को वेतन देने में समस्या आती थी। आज प्रदेश रिवेन्यू सरप्लस स्टेट के रूप में स्थापित हो चुका है। अब वेतन तथा भत्तों की कोई समस्या नहीं है। प्रदेश सरकार के पास विकास के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। इस धनराशि का उपयोग करते हुए प्रदेशवासियों के जीवन में परिवर्तन लाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा सड़क, बिजली आदि अवसंरचनात्मक तथा लोक कल्याणकारी कार्यों को किया जा रहा है।
प्रदेश में एक करोड़ परिवारों को 12 हजार रुपए वार्षिक पेंशन की सुविधा प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए 25 हजार रुपए की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह के लिए राज्य सरकार द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग जन आदि को पूर्व की तुलना में कई गुना अधिक स्कॉलरशिप उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हाईवे तथा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से प्रदेश की इन्टरस्टेट कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। जनपद मुख्यालयों को फोरलेन सड़कों से जोड़ा गया है। प्रदेश में 09 एयरपोर्ट क्रियाशील किये जा चुके हैं। इन 09 एयरपोर्ट में चार इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। जेवर में भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। 10 नए एयरपोर्ट के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आपको विभिन्न विभागों में कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा। आपके कार्यकाल की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि आपने कितनी निष्ठा तथा तेजी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन किया। जब आप सेवा से निवृत्त होंगे तब तक यह देश विकसित भारत के रूप में स्थापित हो चुका होगा, जिसमें हर नागरिक के चेहरे पर खुशहाली होगी। सीमाएं और अधिक सुरक्षित होंगी। भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा होगा।
आप जिस विभाग में नियुक्ति प्राप्त कर रहे हैं, उसे सर्वोत्तम विभाग बनाने के लक्ष्य के साथ आपको कार्य करना चाहिए। यदि आप ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे, तो आपके द्वारा किया जाने वाला प्रयास प्रदेश को देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था बनाएगा। यदि उत्तर प्रदेश देश की नम्बर एक अर्थव्यवस्था बनेगा तो वर्ष 2047 तक देश को विकसित भारत के रूप में स्थापित करने प्रधानमंत्री जी के संकल्प को पूर्ण करने में आपकी भी भूमिका होगी। आप नागरिक कर्तव्य के रूप अपने दायित्वों का निर्वहन कर पायेंगे। प्रत्येक देशवासी अपने देश को विकसित होते हुए देखना चाहता है। हम सभी को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए  प्राणपण से जुड़ना होगा। आपका चयन निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से  किया गया है। आप भी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा पूर्वक करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश के युवाओं, व्यापारियों तथा उद्यमियों के सामने पहचान का संकट था। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था। अराजकता तथा भ्रष्टाचार का बोलबाला था। प्रदेश में दंगे होते थे। शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का कार्य किया जाता था। समाज का प्रत्येक वर्ग परेशानी का सामना कर रहा था।
इस अवसर पर मिशन रोजगार से सम्बन्धित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने प्रदेश की निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य तथा जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी संबोधित किया।
मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार सिंह ने स्वागत उद्बोधन किया।
इस अवसर पंचायती राज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर, कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, जलशक्ति राज्य मंत्री श्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह, नगर विकास राज्य मंत्री श्री राकेश राठौर गुरु, ग्राम्य विकास राज्य मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित अभ्यर्थीगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-------


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने