मुख्यमंत्री ने गोण्डा में देवीपाटन मण्डल के
विकास कार्याें एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

मण्डल के आकांक्षात्मक जनपदों में संचालित होने वाली सभी
योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जाए: मुख्यमंत्री

गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों को
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए

जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाते हुए जनपद में अपराध पर पूर्ण लगाम लगाई जाए

पूरे मण्डल में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से बैन लगाया जाए

गांव में रोस्टर के अनुसार पर्याप्त मात्रा में बिजली
उपलब्ध कराई जाए, खराब ट्रांसफार्मर को समय से बदला जाए

जिलाधिकारी जल जीवन मिशन के सभी कार्यों की नियमित रूप
से समीक्षा करें, कार्यदायी संस्था व ठेकेदार द्वारा लापरवाही
बरतने पर संस्था के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए

जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को
जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्या का निस्तारण करने के निर्देश

राजस्व से सम्बन्धित वादों का अभियान चलाकर समयबद्ध निस्तारण कराया जाए

बाढ़ की सम्भावना के दृष्टिगत सभी तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं

मुख्यमंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, गोण्डा का निरीक्षण किया
लखनऊ: 05 अगस्त, 2024

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज गोण्डा में देवीपाटन मण्डल के विकास कार्याें एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जनपद गोण्डा के अलावा, देवीपाटन मण्डल के अन्य जनपदों के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे। वरिष्ठ अधिकारियों ने जनपद में कराये गये विकास कार्यों से मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मण्डल के तीन जनपद बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती आकांक्षात्मक जनपद हैं। इसमें संचालित होने वाली सभी योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जाए, जिससे कि यह जनपद हर पायदान पर उच्चतम रैंकिंग पर हो। प्राथमिक स्कूलों में बच्चों के नामांकन को बढ़ाया जाए। 06 वर्ष से छोटे बच्चों का प्रवेश आंगनबाड़ी केन्द्रों में कराना सुनिश्चित किया जाए। गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध एवं कानून-व्यवस्था के सम्बन्ध में समीक्षा की। उन्होंने मण्डल के सभी पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाते हुए जनपद में अपराध पर पूर्ण लगाम लगाई जाए। ऐसे अराजक तत्व जिनके द्वारा समाज में भय उत्पन्न करने की संभावना हो उनको चिन्हित कर जेल भेजा जाए। ऐसे पुलिसकर्मी जिनकी छवि पूर्व में खराब रही हो, उन्हें थानों में कोई भी महत्वपूर्ण पद न दिया जाए। उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी के सम्बन्ध में निर्देश दिए कि बॉर्डर पर लगे सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी नियमित रूप से चेंज की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूरे मण्डल में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से बैन लगाया जाए। सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगने से ही कूड़े की समस्या पर लगाम लगेगी। सभी जिलाधिकारी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेण्ट पर विशेष ध्यान दें। नगर विकास विभाग के साथ रणनीति बनाकर सॉलिड वेस्ट का समुचित निस्तारण कराएं व शहर को स्वच्छ रखें। उन्होंने बिजली आपूर्ति के सम्बन्ध में निर्देश दिए कि गांव में रोस्टर के अनुसार पर्याप्त मात्रा में बिजली उपलब्ध कराई जाए। खराब ट्रांसफार्मर को समय से बदला जाए। बिजली विभाग के अधिकारी फीडर वाइज नियमित रूप से समीक्षा भी करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक नियमित रूप से उद्यमियों व बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संचालित विभागीय योजनाओं की समीक्षा करें। जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के कार्यों के तहत सड़कों को खोद दिया जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत पाइप डालने हेतु खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराकर पूर्व की तरह बनाया जाए। जिलाधिकारी जल जीवन मिशन के सभी कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा करें। कार्यदायी संस्था व ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतने पर संस्था के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जी ने देवीपाटन मण्डल के सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री जी ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर विकास कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा करें। सभी जिलाधिकारी, सी0डी0ओ0 व एस0पी0, जनप्रतिनिधियों के साथ महीना या दो महीने में बैठक कर जनप्रतिनिधियों के द्वारा उठायी गयी समस्याओं को चिन्हित कर लें। उसके बाद जिले के अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्रभावी निस्तारण करायें। इससे जनपद की समस्याओं में कमी आएगी। सभी अधिकारी प्रतिदिन जनसुनवाई कर जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।
मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व से सम्बन्धित वादों का अभियान चलाकर समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। लेखपाल, कानूनगो, नायब तहसीलदार, तहसीलदार, उप जिलाधिकारी आदि की जवाबदेही तय करते हुए मिशन मोड पर राजस्व वादांे का निस्तारण कराया जाए। किसी भी दशा में राजस्व वादों को निर्धारित समय-सीमा के बाद लम्बित न रखा जाए।
मुख्यमंत्री जी ने सभी जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सितम्बर माह तक बाढ़ की सम्भावना के दृष्टिगत जनपद में बाढ़ से सम्बन्धित सभी तैयारियां सुनिश्चित कर लें। सभी विभाग अलर्ट मोड में रहें, बाढ़ आने पर कोई भी जनहानि नहीं होनी चाहिए। बाढ़ की सम्भावना होने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर राहत शिविरों में रखने के साथ ही, उनके भोजन की व्यवस्था की जाए। बाढ़ से प्रभावित पीड़ितों को राहत सामग्री वितरण में लापरवाही कदापि न बरती जाए। बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। बाढ़ से खराब हुई फसलों के सम्बन्ध में सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री जी ने मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावित ढंग से संचालित करने, कार्यालय में प्राइवेट व्यक्तियों से काम न लेने, खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए उन्हें पनपने न देने तथा खराब सड़क मार्गों की सूची बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री जी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, गोण्डा पहुंचकर मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से सम्बन्धित सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कराते हुए बेहतर तरीके से काॅलेज का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
---------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने