मुख्यमंत्री ने जनपद गाजियाबाद में
इलेक्ट्रॉनिक चैनल लाइव टाइम्स का उद्घाटन किया

 यह भारत का समय, भारत ने एक दशक में
नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर इसे साबित किया : मुख्यमंत्री
 
भारत के पास प्रधानमंत्री जी के रूप में
सबसे लोकप्रिय नेता व विजनरी लीडरशिप मौजूद

आने वाले तीन वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था
विश्व में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगी
 
प्रदेश के 75 जनपदों को लगातार सुविधाओं से
आच्छादित किया जा रहा, टेक्नोलॉजी से जोड़ा जा रहा

 
लखनऊ : 23 अगस्त, 2024

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद गाजियाबाद में इलेक्ट्रॉनिक चैनल लाइव टाइम्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि यह भारत का समय है। भारत ने एक दशक में नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर इसे साबित किया है। वैश्विक मंच पर भी भारत अपनी अर्थव्यवस्था को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्व की अपेक्षा बीते 10 वर्षों में भारत ने एक से बढ़कर एक कीर्तिमान स्थापित करते हुए खुद को साबित किया है और पूरे विश्व ने भी इसे माना है। अर्थव्यवस्था के मामले में भी भारत ने खुद को मजबूत करते हुए वैश्विक मंच पर अपनी एक विशेष पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत के पास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के रूप में सबसे लोकप्रिय नेता व विजनरी लीडरशिप मौजूद है। उनके तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद देश लगातार आगे बढ़ रहा है। आने वाले तीन वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था विश्व में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगी। इसके बाद दशक ही नहीं, बल्कि पूरी शताब्दी ही भारत के नाम होगी, और इसे पूरा विश्व देखेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश का प्रत्येक पांचवा व्यक्ति उत्तर प्रदेश में रहकर काम कर रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुधारने के कार्य को उन्होंने चैलेंज के रूप में लिया। आज हर तरफ प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था को लोग जानने लगे हैं। 07 वर्ष पहले यहां के लोगों को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखा जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब प्रदेश में बहन-बेटियां पूरी तरफ से सुरक्षित हैं और उन्हें कहीं भी आने-जाने में डर नहीं लगता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के विकास के लिए बिना थके, बिना रूके और बिना झुके कार्य करने में लगे हैं। प्रदेश में पर्यटन को भी काफी बढ़ावा दिया गया है। जब भी यहां कोई पर्यटक आता है, तो लोगों को रोजगार के अवसर मिलते हैं। प्रदेश के 75 जनपदों को लगातार सुविधाओं से आच्छादित किया जा रहा है और टेक्नोलॉजी से जोड़ा जा रहा है। एम0एस0एम0ई0 उद्यमियों के लिए 05 लाख रुपये के बीमा कवर की योजना प्रदेश सरकार पहले ही शुरू कर चुकी है। व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये के बीमा कवर की दिशा में कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की शुरुआत की जा रही है। इसके अन्तर्गत प्रदेश में 10 लाख एम0एस0एम0ई0 यूनिट लगाई जाएंगी। इन यूनिटों से लाखों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। विकास के मामले में उत्तर प्रदेश देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला प्रदेश बन चुका है। प्रदेश में रोजगार की दिशा में 40 लाख करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से अब तक 16 लाख करोड़ रुपये के कार्य जमीनी स्तर पर शुरू भी हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। जल्द ही प्रदेश में फैमिली आई0डी0 शुरू करने की तैयारी है। इस आई0डी0 में प्रदेश के सभी परिवारों का ब्यौरा होगा। प्रत्येक परिवार का कौन व्यक्ति किस योजना का लाभ ले रहा है, यह भी फैमिली आई0डी0 में दर्ज होगा। इसके अलावा प्रत्येक घर से एक व्यक्ति को सरकारी स्तर पर इस योजना से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में लगातार विकास के कार्य कराए जा रहे हैं और अर्थव्यवस्था को भी तेजी से मजबूत करने की दिशा में कार्य हो रहे हैं। सरकार का उददेश्य है कि हर हाथ को काम, हर खेत को पानी और प्रत्येक बेटी को सुरक्षा मिले। प्रदेश सरकार के लगातार प्रयासों से आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बन जाएगा।
चैनल के सी0ई0ओ0 एवं एडिटर-इन-चीफ श्री दिलीप सिंह ने मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया।
---------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने