नाथ नगरी बरेली के मंदिर समूहों में श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधायें मुहैया कराने के लिए 75 करोड़ रूपये से विभिन्न कार्य कराये जायेंगे
-जयवीर सिंह
लखनऊ: 30 अगस्त, 2024



नाथ नगरी के नाम से विख्यात बरेली में श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए पर्यटन विभाग के द्वारा 75 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। इसमें सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं शामिल होंगी। इस कार्य के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में 25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। पर्यटन विभाग का प्रयास है कि यहां आने वाले श्रद्धालु विशिष्ट अनुभव लेकर लौटें।
यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि उ0प्र0 पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास करने वाला राज्य है। बीते वर्ष 48 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने यहां के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक-आध्यात्मिक, ईको सहित अन्य स्थलों का भ्रमण किया था। पर्यटकों के लिए पर्यटन के अन्य आयाम धार्मिक-आध्यात्मिक, रूरल, एग्री, वाटर स्पोर्ट आदि पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पूरे प्रदेश में अत्याधुनिक अवस्थापना सुविधायें सृजित कर रही है।
श्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटन विभाग नाथ कॉरिडोर में 75 करोड़ रुपए से मढ़ीनाथ, तपेश्वर नाथ, पशुपति नाथ, अलखनाथ, धोपेश्वर नाथ, त्रिवटी नाथ, वनखंडी नाथ मंदिर व तुलसी मठ के परिसर में पर्यटक सुविधाएं मल्टीपर्पज हॉल, पेयजल सुविधा, बेंचेज, फसाड लाइटिंग, शौचालय सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा कांवड़ आश्रय स्थलों पर विश्रामालय, शौचालय और पेयजल सुविधा विकसित की जाएगी। नाथ मंदिरों के प्रमुख मार्गों पर साइनेज, होर्डिंग आदि लगाई जाएगी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि बरेली, नाथ नगरी के नाम से जानी जाती है। यहां हर दिशा में भगवान भोलेनाथ के मंदिर हैं। मान्यता है कि ये सभी शिवलिंग स्वयंभू प्रकट हुए हैं। सावन के महीने में मंदिरों में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। मढ़ीनाथ, तपेश्वर नाथ, पशुपति नाथ, अलखनाथ, धोपेश्वर नाथ, त्रिवटी नाथ, वनखंडी नाथ मंदिर आदि मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के बाद कोरोना कालखंड को छोड़कर उ0प्र0 में घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसमें कनेक्टिविटी एवं बेहतर कानून व्यवस्था का महत्वपूर्ण योगदान है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने