मुख्यमंत्री ने जनपद मथुरा में 5251वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का शुभारम्भ किया

ब्रज के विकास की लगभग 1037 करोड़ रु0 लागत की 178 विकास परियोजनाओं
का लोकार्पण एवं शिलान्यास, नवनिर्मित पांञजन्य प्रेक्षागृह का उद्घाटन किया

श्री राधा रानी मंदिर, बरसाना पर बने रोप-वे तथा मथुरा
वृन्दावन में यमुना जी पर चलने वाले क्रूज का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया

प्रधानमंत्री जी ने हमें भारत को वर्ष 2047 तक
विकसित भारत के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य दिया : मुख्यमंत्री
 
नया भारत अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करता है और
विकास को विरासत से जोड़कर एक नए कलेवर के रूप में प्रस्तुत करता

 आज उ0प्र0 की चर्चा रंगोत्सव, श्री कृष्ण
जन्मोत्सव तथा श्री कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन से होती

अब उ0प्र0 प्रश्न प्रदेश नहीं है, बल्कि आज
उ0प्र0 अनलिमिटेड पोटेंशियल का प्रदेश बन चुका

प्रदेश विरासत और विकास के बेहतरीन समन्वय से भारत के विकास का ग्रोथ
इंजन बनकर तेजी के साथ अपना योगदान देने के लिए स्वयं को तैयार कर रहा

हमारे लिए राष्ट्र सर्वप्रथम, हम राष्ट्र के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार

मुख्यमंत्री ने सांसद श्रीमती हेमा मालिनी की नाट्य प्रस्तुति का अवलोकन किया

मुख्यमंत्री ने श्री बांके बिहारी मंदिर, वृन्दावन में दर्शन-पूजन किया

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण जन्मोत्सव और नन्दोत्सव की बधाई

 
लखनऊ : 25 अगस्त, 2024

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हमें भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य दिया है। विकसित भारत में विरासत और विकास दोनों का समन्वय होगा। इसके लिए गुलामी के अंशों को सर्वथा समाप्त करना है। नया भारत अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करता है और विकास को विरासत से जोड़कर एक नए कलेवर के रूप में प्रस्तुत करता है। डबल इंजन की सरकार आपकी आस्था का सम्मान करते हुए आपको विकास के पथ पर आगे बढ़ाना चाहती है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद मथुरा में 5251वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के शुभारम्भ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने एक विशालकाय गुब्बारा आकाश में छोड़कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने श्री राधा कृष्ण की लीला स्थली ब्रज के विकास की लगभग 1,037 करोड़ रुपये लागत की 178 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 643 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 138 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 393 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 40 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री जी ने डैंपियरनगर स्थित नवनिर्मित पांञजन्य प्रेक्षागृह का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रेक्षागृह में दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री जी को 5,251 फूलों से बनी माला पहनाकर तथा कान्हा का चित्र भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संकलित मीरा ग्रंथ तथा फिल्म अभिनेत्री एवं भजन गायिका सुश्री पद्मिनी कोल्हापुरे के भजन एल्बम का विमोचन किया। कार्यक्रम में जनपद मथुरा के विकास पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री जी ने श्री राधा रानी मंदिर, बरसाना पर पी0पी0पी0 मोड पर बने रोप-वे तथा मथुरा वृन्दावन में यमुना जी पर चलने वाले क्रूज का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री जी ने सांसद श्रीमती हेमा मालिनी की नाट्य प्रस्तुति का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज से 07 वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश की चर्चा दंगों, गुण्डागर्दी और अराजकता के कारण होती थी। आज उत्तर प्रदेश की चर्चा रंगोत्सव, जन्मोत्सव तथा जन्माष्टमी के आयोजन से होती है। उत्तर प्रदेश की चर्चा अयोध्याधाम में 500 वर्षों के इंतजार को समाप्त करते हुए श्रीरामलला के विराजमान होने, काशी के कायाकल्प, वैष्णव कुंभ तथा प्रयागराज कुंभ के आयोजन से होती है। उत्तर प्रदेश की चर्चा तीर्थ धामों के विकास के लिए किये जा रहे कार्यां से होती है। अब लोगों को लगता है कि अब उत्तर प्रदेश प्रश्न प्रदेश नहीं है, बल्कि आज उत्तर प्रदेश अनलिमिटेड पोटेंशियल का प्रदेश बन चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश वह सब कुछ करने की सामर्थ्य रखता है, जो देश चाहता है। भारत को 05 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने में राज्य की बड़ी भूमिका है। जिस प्रदेश को पहले विकास का बैरियर माना जाता था, आज वही प्रदेश विरासत और विकास के बेहतरीन समन्वय से भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बनकर तेजी के साथ अपना योगदान देने के लिए स्वयं को तैयार कर रहा है। ब्रज क्षेत्र में आस्था, विश्वास, कला, संस्कृति और प्रेम का समन्वय है। विरासत और विकास का यह क्रम निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। आज यहां लोकार्पित और शिलान्यास की जा रही परियोजनाएं इसी कार्य से जुड़ी हुई हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से मथुरा-वृंदावन के विकास के कार्य आगे बढ़ाए गए। इन कार्यां ने मूर्तरूप लिया है। आज यहां लगभग 1,037 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है।  इनमें लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन भारत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियां और जवानों के प्रति श्रद्धा का भाव व्यक्त करने का एक मंच है। कुसुम सरोवर में भी पुनरुद्धार के कार्य किए गए हैं। यहां लाइट एंड साउण्ड शो विकसित किया गया है। श्री राधा रानी मंदिर बरसाना में आज से रोप-वे की सुविधा पी0पी0पी0 आधार पर उपलब्ध हो चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोवर्धन के तहसील भवन का लोकार्पण किया गया है। गोकुल बैराज की अपस्ट्रीम में वासुदेव वाटिका का निर्माण किया जा रहा है। यह लगभग 45 करोड़ रुपये की परियोजना है। मान्यता है कि वासुदेव जी ने भगवान श्रीकृष्ण को गोकुल तक पहुंचाने के लिए यहीं पर यमुना जी को पार किया था। बरसाना में पर्यटक सुविधा केंद्र के निर्माण कार्यां का शिलान्यास किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने सभी को श्री कृष्ण जन्मोत्सव और नन्दोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के 5,251वें जन्मोत्सव के आयोजन से हम जुड़ने जा रहे हैं। इस धरती और भारत का केवल एक ही धर्म है और वह सनातन धर्म है। यही भारत का राष्ट्रीय धर्म है। दुनिया में कोई भी देश, मत, मजहब या सम्प्रदाय ऐसा नहीं है, जिसकी उत्पत्ति इतनी पुरानी हो। सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग तथा वर्तमान में कलयुग तक हमारे पास विरासत का एक लम्बा इतिहास तथा बड़ी थाती है। द्वापरयुग के अन्त में एक लम्बे समय तक देशवासियों ने प्रभु श्रीकृष्ण की लीलाओं का आनन्द लिया था। उस समय पूरी दुनिया में केवल सनातन धर्मावलम्बी ही थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस विरासत को हमारे पूज्य संतों ने लंबे समय तक सम्भाल कर रखा है। कथा वाचन, भोजपत्रों, पांडुलिपियों तथा गुरु शिष्य परम्परा के माध्यम से इसके संरक्षण का काम किया गया है। मथुरा-वृंदावन के जनप्रतिनिधियों तथा उत्तर प्रदेश तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद के प्रयासों से यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंचन के लिए भव्य पांञजन्य प्रेक्षागृह का निर्माण किया गया है। इसमें लगभग 1000 दर्शक एक साथ आ जाएंगे। इस प्रेक्षागृह में पहला मंचन प्रख्यात कलाकार और यहां की सांसद श्रीमती हेमा मालिनी का होने जा रहा है। श्रीमती हेमा मालिनी जी कला और मथुरा के विकास के लिए समर्पित हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमें वर्तमान में भारत और सनातन धर्म के सामने आ रही चुनौतियों को समझना होगा। जो चुनौती सनातन धर्म के सामने हैं, वहीं भारत की चुनौती भी है। जो चुनौती भारत के सामने है, वही सनातन धर्म की चुनौती भी है। दोनों एक दूसरे से अलग नहीं है। पूज्य संतों को समाज को एकजुट करने के लिए आगे बढ़ना होगा। हमारे मठ, मंदिर, उपासना पद्धति शास्त्र, दर्शन एवं साधना पद्धति तभी संरक्षित और सुरक्षित रह पाएंगे जब तक  सनातन धर्म, यह देश और वृहद हिन्दू समाज सुरक्षित है। हमें इसके लिए लगातार कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमें सभी लोगों को एक साथ जोड़ना होगा। भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। हमें विभाजनकारी ताकतों को बेनकाब करना होगा। उनके लिए राजनीति राष्ट्र की कीमत पर अभीष्ट हो गई है। हमारे लिए राष्ट्र सर्वप्रथम है। हम राष्ट्र के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि देश और सनातन धर्म हर हाल में रहना चाहिए। हमारी विरासत का हर हाल में संरक्षण होना चाहिए। इसी विरासत के संरक्षण की दिशा में आज विकास कार्यां को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। यह ब्रज क्षेत्र अपनी विरासत को संरक्षित करते हुए निरंतर आगे बढ़ायेगा। केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर इस अभीष्ट लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सर्वोत्तम कार्य करेंगे।
इस अवसर पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री जी ने वृन्दावन पहुंचकर श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
ज्ञातव्य है कि मुख्य लोकार्पित परियोजनाओं में मथुरा स्थित पांञजन्य  प्रेक्षागृह का पुनर्विकास कार्य (1962.52 लाख रुपये), वृन्दावन स्थित लक्ष्मण शहीद स्मारक का पुनर्निर्माण कार्य (1011.38 लाख रुपये), श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर डीग गेट की तरफ गेट का निर्माण कार्य (206.10 लाख रुपये), गोवर्धन स्थित कुसुम सरोवर में लाइट एण्ड साउण्ड शो की स्थापना कार्य (526.59 लाख रुपये), बरसाना में तीर्थ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा अन्तर्गत पी0पी0पी0 मोड पर श्री राधा रानी मन्दिर पर रोप-वे की स्थापना (1589 लाख रुपये), गोवर्धन में चन्द्र सरोवर परिसर में टॉयलेट ब्लॉक, पाथ-वे, बाउण्ड्रीवॉल, इण्टरप्रेटेशन सेन्टर, लाईब्रेरी, मीटिंग हॉल आदि का कार्य (743.35 लाख रुपये), मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण कार्य (4095.73 लाख रुपये), नगर निगम मथुरा वृन्दावन के कार्यालय भवन का निर्माण कार्य (4697.21 लाख रुपये) सम्मिलित है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री जी द्वारा विधानसभा क्षेत्र गोवर्धन में राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य (830.48 लाख रुपये), राजकीय महाविद्यालय मथुरा का भवन निर्माण कार्य (828.64 लाख रुपये), जनपद मथुरा में ड्रग वेयर हाउस का निर्माण कार्य (914.56 लाख रुपये), संभागीय कृषि प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केन्द्र, राया जनपद मथुरा में ढांचागत व अन्य सुविधाओं का उन्नयन कार्य (1688.60 लाख रुपये), नवसृजित तहसील गोवर्धन के अनावासीय भवन का निर्माण कार्य (792.88 लाख रुपये), नवसृजित तहसील गोवर्धन के आवासीय भवनों का निर्माण कार्य (463.37 लाख रुपये), बरसाना से कोसी-गोवर्धन मार्ग (22 कि0मी0) वाया हाथिया नहारा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण कार्य (2480.57 लाख रुपये), गोवर्धन पलसों मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (2229.87 लाख रुपये), मथुरा डीग मार्ग (प्रमुख जिला मार्ग-94) गोवर्धन आबादी क्षेत्रों में नालों सहित मार्ग फोरलेन मार्ग में चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण कार्य (20054.96 लाख रुपये), मथुरा वृन्दावन मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (3120.24 लाख रुपये), बल्देव से राया-सादाबाद मार्ग वाया जुगसना मार्ग में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (1712.53 लाख रुपये) का भी लोकार्पण किया गया।
शिलान्यास की गई परियोजनाओं में अकबरपुर जैत में टूरिस्ट सेन्टर का निर्माण कार्य (1677.39 लाख रुपये), गोकुल बैराज में अपस्ट्रीम बांयी तरफ वासुदेव वाटिका का निर्माण एवं विकास कार्य (4533 लाख रुपये), बरसाना स्थित राधा बिहारी इण्टर कॉलेज की भूमि पर पर्यटक जन सुविधा केन्द्र का निर्माण कार्य (4750.51 लाख रुपये), मथुरा परिकमा मार्ग का नवीनीकरण एवं विकास कार्य (1889.64 लाख रुपये), गोकुल में नगर पंचायत की भूमि पर पर्यटक सुविधा केन्द्र एवं पार्किंग का निर्माण कार्य (2988.35 लाख रुपये), मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण कार्यालय भवन का निर्माण कार्य (1773.69 लाख रुपये), गोविन्द विहार योजना के विकास कार्य (3282.12 लाख रुपये), हनुमंत विहार योजना के विकास कार्य (2960.69 लाख रुपये), मथुरा में मच्छी फाटक से एनएच-19 तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण का कार्य (1020.54 लाख रुपये), मथुरा में प्रस्तावित श्री रंगनाथ जी मन्दिर से बड़ी बगीची तक हेरिटेज विकास कार्य (2429.53 लाख रुपये), प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के अन्तर्गत स्वीकृत 50 शैया क्रिटिकल गैप्स ब्लॉक का निर्माण कार्य (1782.22 लाख रुपये), विधान सभा क्षेत्र छाता, तहसील-छाता विकास खण्ड-नन्दगांव की ग्राम पंचायत-कोटवन में ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कार्य (790.25 लाख रुपये) आदि शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा 1962.52 लाख रुपये में पांचजन्य प्रेक्षागृह को बनवाया गया है। इस प्रेक्षागृह में लगभग 900 लोगों के बैठने का स्थान है। रोप वे में 12 ट्रॉली है, जिसमें प्रत्येक ट्रॉली में 6 लोगों को ले जाने की क्षमता है। यमुना जी पर चलने वाले क्रूज से श्रद्धालु मथुरा के पवित्र घाटों एवं पौराणिक धरोहरों के दर्शन कर सकेंगे।
-------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने