राजकुमार गुप्ता 
मथुरा 05 अगस्त। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में साधु संतों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम (श्रीकृष्ण जन्माष्टमी) पर्व को लेकर समीक्षा बैठक ली। बैठक में मंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के 5251 वा जन्मोत्सव समारोह इस बार दिव्य और अलौकिक होगा। इसके लिए प्रदेश से बजट की कोई कमी नहीं होगी। ब्रज के संतों के सुझाव और मुख्यमंत्री की इच्छा के अनुरूप इस खास उत्सव को यादगार बनाया जायेगा।
सोमवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय सभागार में 5251वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह ने संतों के साथ तैयारी बैठक की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के संदेश के माध्यम से जीवन दर्शन देने का काम किया है। भगवान के 5251वे जन्मोत्सव समारोह में इस बार अलौकिक और अनूठे कार्यक्रम होंगे। इन्हें धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन की है। इसके लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। ब्रज में उत्सव की धूम रहेगी।
इस दौरान श्री वत्स गोस्वामी ने इस वर्ष गांठ के रहस्य बताते हुए इसे वर्ष भर निरंतर मनाए जाने की आवश्यकता बताई। साथ ही कहा कि सम्पूर्ण ब्रज को 5251 से ओत प्रोत कर दिया जाए। जिससे 5251वां जन्मोत्सव मानव चेतना में शामिल हो जाए। संत फूलडोल महाराज ने ब्रज 84 कोस परिक्रमा क्षेत्र को इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर दिया और कहा कि सम्पूर्ण ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग में होर्डिंग, बैनर, स्टैण्डी, चित्रकला आदि के माध्यम से इस पावन पर्व को दर्शाया जाये, जिसे लोग इससे जुड़ते हुए हर्षोल्लास से मनायेंगे। इस आयोजन का व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाए। श्रीकृष्ण जन्म स्थान से आए गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने ब्रज के साथ इस खास उत्सव से भगवान की लीलाओं के अन्य स्थल जैसे द्वारिका और कुरु क्षेत्र को भी जोड़े जाने का सुझाव दिया। वल्लभकुल संप्रदाय के आचार्य पंकज बाबा, पूरन कौशिक, सुशील गोस्वामी, कांतानाथ चतुर्वेदी जी सहित अनेक संत तथा मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने अपने अपने सुझाव रखे।
 एमएलसी ओम प्रकाश सिंह और एमएलसी योगेश नोहवार ने मथुरा वृंदावन में विशेष सफाई व्यवस्था का सुझाव रखा। इस पर अमल का आश्वासन मा0 महापौर श्री विनोद अग्रवाल ने दिया। विधायक पूरन प्रकाश ने बलदेव और  विधायक  मेघश्याम सिंह ने गोवर्धन क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे। 
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद केउपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने तैयारियों को लेकर मार्ग दर्शन किया। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने मा0 मंत्री को अवगत कराया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा कई बैठकें आयोजित की गई हैं, जिसमें सभी व्यवस्थाओं सुदृढ़ करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधायें उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग कटिबद्ध है। जन्मोत्सव हेतु स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, आवागमन मार्ग, विद्युत, साफ सफाई, पेयजल, शौचालय, साज सज्जा, लाइटिंग आदि हेतु निर्देश जारी कर दिये गये हैं तथा सभी अधिकारी अपने अपने कार्यों में जुटे हुए हैं, जिन्हें शीघ्र पूर्ण कर लिया जायेगा। जनपद के सभी चौराहों, मुख्य मार्गों, प्रमुख मन्दिरों आदि स्थानों पर उत्तम साज सजावट की जायेगी तथा लाइटिंग की व्यवस्था की जायेगी।  मंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिये कि विश्व प्रसिद्ध जन्मोत्सव कार्यक्रम हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जायें तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त फोर्स/ पुलिस बल की मांग की जाये। सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण जी के 5251वें जन्मोत्सव का पोस्टर का अनावरण/ विमोचन किया गया।
बैठक में मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री चौधरी किशन सिंह, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय, नगर आयुक्त शशांक चौधरी सहित साधु सन्त, महात्मा, मंदिर प्रबंधक आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने