यूपी बोर्ड ने  कक्षा 9 और 11 के छात्रों के पंजीकरण की तिथियों में किया संशोधन 


अब विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 10 सितंबर  तक पंजीकरण शुल्क जमा करने और छात्रों के शैक्षिक विवरणों को अपलोड करने की अनुमति 


 11 से 13 सितंबर, 2024 के बीच प्रधानाचार्य अपलोड किए गए छात्रों के विवरण की गहन जाँच करेंगे 


लखनऊ, 24 अगस्त 2024




 उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज ने शैक्षिक सत्र 2024-25 के लिए कक्षा 9 और 11 के छात्रों के पंजीकरण की तिथियों में संशोधन किया है। 


माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अब 10 सितंबर, 2024 तक पंजीकरण शुल्क जमा करने और छात्रों के शैक्षिक विवरणों को परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने की अनुमति दी गई है, जिससे वे इस प्रक्रिया को समय पर पूरा कर सकें। इसके बाद 11 से 13 सितंबर, 2024 के बीच प्रधानाचार्यों को अपलोड किए गए छात्रों के विवरण जैसे कि नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, फोटो आदि की गहन जाँच करनी होगी। इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार का अपडेशन प्रतिबंधित रहेगा, ताकि छात्रों के विवरण की सटीकता सुनिश्चित की जा सके। यदि किसी विवरण में सुधार की आवश्यकता हो, तो प्रधानाचार्य 14 से 20 सितंबर, 2024 के बीच इन विवरणों में आवश्यक संशोधन कर सकते हैं। इस अवधि के दौरान नए छात्रों का विवरण अपलोड या स्वीकार नहीं किया जाएगा, केवल पहले से अपलोड किए गए विवरणों में ही संशोधन की अनुमति होगी। सभी प्रधानाचार्यों को  पंजीकृत अभ्यर्थियों की फोटोयुक्त नामावली और संबंधित कोषपत्र की एक प्रति 30 सितंबर, 2024 तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करनी होगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने