दिनांक 26 जुलाई 2024

माय गर्वनमेंट के यूथ एंबेसडर बने अमन, नए भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी करेंगे सुनिश्चित।

बागपत/यूपी। युवा सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे ट्यौढी गांव निवासी 22 वर्षीय युवा अमन कुमार को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार और माय गर्वनमेंट प्लेटफार्म ने यूथ एंबेसडर नियुक्त किया है। यूथ एंबेसडर के रूप में अमन, माय गर्वनमेंट प्लेटफार्म को उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने के लिए कार्य करेंगे। वर्तमान में अमन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से समाज कार्य विषय में स्नातक की पढ़ाई कर रहे है और नेहरू युवा केन्द्र बागपत से जुड़े है। 

माय गर्वनमेंट प्लेटफार्म ने जुलाई 2024 में 10 वर्ष पूरे किए है। केंद्र सरकार के माय गर्वनमेंट प्लेटफार्म पर वर्तमान में 30 मिलियन से अधिक लोग पंजीकृत है जिसके माध्यम से विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं योजनाओं में जनसाधारण की सहभागिता सुनिश्चित की जाती है। माय गर्वनमेंट प्लेटफार्म पर केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न मंत्रालयों विभागों द्वारा अपने कार्यक्रम संचालित किए जाते है जिसमें प्रतिभाग करने पर प्रमाण पत्र के साथ साथ पुरस्कार राशि और राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाता है। साथ ही विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर नागरिकों से राय ली जाती है।

हाल ही में अमन कुमार को यूनिसेफ इंडिया द्वारा यू-रिपोर्ट का नेशनल यू एंबेसडर बनाया गया था जिसमें सराहनीय कार्य करने पर यूनिसेफ मुख्यालय में इंडियाज मोस्ट वेल्युएबल यू रिपोर्टर अवार्ड से सम्मानित किया गया था। वहीं पूर्व में अमन, फिनलैड के संस्थान हंड्रेड के भी यूथ एंबेसडर रहे है। वर्तमान में वह नेहरू युवा केन्द्र संगठन, यूनेस्को, नेचर पॉजिटिव यूनिवर्सिटी, हंड्रेड सहित अन्य राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय महत्व के संस्थानों से जुड़े है।

अमन ने चयन की पुष्टि करते हुए कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से होने के बावजूद विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों द्वारा उनकी संभावनाओं पर विश्वास कर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जा रहे है जो जनपद बागपत के लिए गर्व का विषय है। वह अपने सभी दायित्वों का निर्वहन करते हुए माय गर्वनमेंट प्लेटफार्म के उद्देश्य को पूरा करने में पूरा योगदान देंगे। बताया कि माय गर्वनमेंट एंबेसडर के रूप में वह जन जन को इस प्लेटफार्म से जोड़ने के प्रयास करेंगे और विशेष रूप से युवाओं को माय गर्वनमेंट प्लेटफार्म से जुड़ने को प्रेरित करेंगे।

आइए जानते है उनके कार्यों के बारे में:

युवाओं को कैरियर संबंधी अवसरों व शैक्षिक संसाधनों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से अमन द्वारा प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360 लॉन्च किया गया जिसको इंटरनेट पर 7 मिलियन से अधिक लोग देख चुके है। साथ ही उड़ान यूथ क्लब संस्थान की अध्यक्षता करते हुए अमन ने जन जागरूकता हेतु राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय दिवसों पर ऑनलाइन कार्यक्रम लॉन्च कर हजारों लोगों को जागरूक किया। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा एप, नगर निकाय निर्वाचन एप और स्वीप बागपत एप तैयार किया जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला।

कई उपाधियों से हो चुके सम्मानित:

सामाजिक विकास और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में रचनात्मकता से सराहनीय कार्य करने पर अमन को विभिन्न उपाधियों से अलंकृत किया गया जिसमें शिक्षा रत्न सम्मान, यंग ट्रांसफार्मर अवार्ड, एकता पुरुस्कार, गुरु शिरोमणि अवार्ड, नीरा अमृत सम्मान आदि शामिल है। स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने पर जिला ब्लड बैंक ने सराहा और प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360 की सफलता पर जिला विज्ञान क्लब द्वारा सम्मानित किए गए। निर्वाचन में उत्कृष्ट योगदान पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सम्मानित किया। क्लाइमेट कार्डिनल्स की दक्षिण एशियाई इकाई के समन्वयक बने।

कई अवसरों पर बढ़ाया जिले और प्रदेश का मान:

अमन कुमार ने जिले और प्रदेश का कई अवसर पर प्रतिनिधित्व कर मान बढ़ाया जिसमें यूनेस्को एमजीआईईपी के एजुकेशन फॉर ह्यूमन फ्लोरिशिंग, पेटा इंडिया के राष्ट्रीय जनमत संग्रह, एनिमल राहत के रेफरेंडम, संस्कृति मंत्रालय के फेस्टिवल ऑफ लाइब्रेरीज, यूनेस्को की ग्लोबल यूथ कम्यूनिटी, हंड्रेड के नवाचार विशेषज्ञों के पैनल आदि में शामिल होकर बागपत और उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इसके अतिरिक्त आरकॉय कांफ्रेंस में प्रतिभाग किया और कॉप 28 के चर्चा बिंदुओं को तैयार करने में योगदान दिया।

कई संस्थानों के साथ कार्य का अनुभव:

पूर्व में अमन ने पेटा इंडिया, एनिमल राहत, हंड्रेड आदि संस्थाओं के कार्यक्रमों से जुड़कर योगदान दिया और वर्तमान में नेहरू युवा केन्द्र बागपत के युवा स्वयंसेवक के रूप में सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहे है। उनके प्रयासों से जहां हंड्रेड की टॉप 100 इनोवेशन की सूची में भारतीय स्टार्टअप्स को स्थान मिला, वहीं एनिमल राहत के राष्ट्रीय जनमत संग्रह में एनिमल रेस्क्यू पॉलिसी की आवश्यकता पर उन्होंने महत्वपूर्ण राय दी। इसके अतिरिक्त यूनिसेफ इंडिया यू रिपोर्ट के परीक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी तकनीकी राय दी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने