जौनपुर। मेरे लिए बूथ का कार्यकर्ता ही सबसे बड़ा नेता है: जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या का जिले में प्रथम आगमन पर सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा कई जगह पर जोरदार स्वागत हुआ। पार्टी जिला कार्यालय पर पहुंचने पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम निवर्तमान जिला अध्यक्ष डॉ अवधनाथ पाल ने जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या को माल्यार्पण, समाजवादी टोपी पहनाकर एवं पार्टी का झंडा देकर पद ग्रहण कराया। 
           
जिलाध्यक्ष ने कहा कि मैं निष्ठा ईमानदारी से अपने नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरा करने का काम करेंगे। समाजवादी पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जिसमें कार्यकर्ताओं का सबसे ज्यादा सम्मान है मेरी प्रथम प्राथमिकता कार्यकर्ता हैं उनके मान सम्मान के खिलाफ कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे, मेरे लिए बूथ का कार्यकर्ता ही सबसे बड़ा नेता है कार्यकर्ताओं के बदौलत ही कठिन से कठिन चुनाव को जीता जा सकता है। कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सभी कार्यकर्ता मिलकर भाजपा को हटायेंगे। देश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। उत्तर प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां दुष्कर्म की शिकार सबसे ज्यादा हो रही है। किसान, व्यापारी, नौजवान, छात्र, मजदूर सभी परेशान है। भाजपा सरकार की नीतियां पूंजीपरस्त है। 
           
श्री मौर्य ने कहा कि पीडीए ही भाजपा के एनडीए को हरायेगा। पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा उपेक्षित और प्रताड़ित है। अन्याय और अत्याचार भी इसी पीडीए पर हो रहा है। भाजपा सरकार द्वारा नौकरी में आरक्षण खत्म करने की नीयत से आउटसोर्सिंग से भर्ती की जा रही है। रोजगार छीना जा रहा है। समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना कराने की मांग हमेशा से करती आ रही है परन्तु भाजपा सरकार जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती है। विधायक तूफानी सरोज, लकी यादव, पूर्व विधायक लल्लन प्रसाद यादव,शैलेंद्र यादव ललई, लालबहादुर यादव, राजनरायण बिन्द, दीपचंद सोनकर, राजबहादुर यादव, श्रवण जयसवाल, पूनम मौर्या, राहुल त्रिपाठी, श्याम बहादुर पाल, प्रभाकर मौर्या दीपचंद राम, नीरज पहलवान, अमित यादव आदि मौजूद रहे। स्वागत समारोह की अध्यक्षता डा०अवधनाथ पाल ने और संचालन आरिफ हबीब ने किया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने