आबकारी विभाग द्वारा माह सितम्बर में 3175.38 करोड़ रूपये
की हुई राजस्व प्राप्ति

विशेष अवसरांे एवं त्योहारों पर चलाये गए विशेष प्रवर्तन अभियान

अभियान के अंतर्गत माह सितम्बर में दर्ज किये गये 8361 अभियोग तथा बरामद की गयी 2.27 लाख ली0 अवैध मदिरा
-श्री नितिन अग्रवाल

लखनऊ: 04 अक्टूबर, 2023


आबकारी विभाग राज्य के राजकोष में सतत योगदान दे रहा है, जिसका उपयोग राज्य के सतत विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं में होता है। आबकारी विभाग राजस्व संवर्द्धन के साथ-साथ एथेनॉल एवं औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
यह बात प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नितिन अग्रवाल ने आज यहां विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान कही। उन्होंने समीक्षा करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए आबकारी विभाग का राजस्व लक्ष्य 58 हजार करोड़ रूपये निर्धारित किया गया है। आबकारी विभाग द्वारा वर्ष 2023-24 में माह सितम्बर, 2023 में 3175.38 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त किया गया। जबकि इसी अवधि में गत् वर्ष 2022-23 में 2536.38 करोड़ रूपये राजस्व प्राप्त हुआ था। जो गत् वर्ष के सापेक्ष 25.19 प्रतिशत अधिक है।
श्री अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2023-24 में माह अप्रैल, 2023 से सितम्बर, 2023 तक प्रदेश में गत् वर्ष 2022-23 में प्राप्त 18509.46 करोड़ रूपये के सापेक्ष 20148.56 करोड़ रूपये का राजस्व प्राप्त किया गया। जो कि गत् वर्ष के सापेक्ष   8.86 प्रतिशत अधिक है। आबकारी मंत्री ने बताया कि आबकारी विभाग नकली शराब के उत्पादन पर पूरी तरह से नकेल कस चुका है और पिछले वित्तीय वर्ष में अवैध शराब के सेवन से अप्रिय घटना नहीं हुई है। यह जिला प्रशासन पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों के टीम वर्क के कारण संभव हो सकता है। आबकारी, पुलिस और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से विशेष अवसरों एवं त्योहारों के अवसर पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाये जाते है। जिसके अंतर्गत अवैध शराब के निर्माण बिक्री एवं तस्करी के विरूद्ध माह सितम्बर, 2023 में कुल 72528 छापे मारे गये। जिसमें 8361 अभियोग दर्ज करते हुए 2.27 लाख ली0 अवैध मदिरा बरामद की गई। इस कार्यवाही में 2524 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और इसमें से 976 व्यक्तियों को जेल भेजा गया। अवैध मदिरा की तस्करी में संलिप्त 34 वाहनों को जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 2023-24 में माह अप्रैल से सितम्बर तक अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरूद्ध कुल 434047 छापे मारे गये। जिसमें 49940 अभियोग पंजीकृत करते हुए 13.57 लाख ली0 अवैध मदिरा बरामद की गयी। इस कार्यवाही में 15340 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 5548 व्यक्तियों को जेल भेजा गया और इसमें संलिप्त 179 वाहनों को जब्त किया गया।
आबकारी मंत्री ने बताया कि माह सितम्बर, 2023 तक प्रदेश में लगभग 94.82 करोड़ ली0 एथेनॉल का उत्पादन हुआ है। जबकि गत् वर्ष 2022-23 में माह सितम्बर, 2022 तक 70.27 करोड़ ली0 एथेनाल का उत्पादन हुआ था। इस प्रकार आबकारी विभाग द्वारा इस वर्ष लगभग 35 प्रतिशत अधिक एथेनॉल का उत्पादन किया गया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने