यूपी में हो रही बारिश का असर नदियों पर दिखाई देने लगा है। राप्ती-घाघरा के बाद गंगा का पानी भी तेजी से बढ़ रहा है। वाराणसी में बुधवार को गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 48 सेंटीमीटर बढ़ गया है। इससे गंगा घाटों की कई सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। गंगा पार भी पानी चढ़ गया है। पानी में बढ़ाव से देव दीपावली की तैयारियों में ब्रेक लगने की आशंका जताई जाने लगी है। इस बार गंगा उस पार देव दीपावली की भव्य तैयारियां हो रही हैं। रेती पर टेंट सिटी भी लग रही है। इसके लिए तमाम कार्य कराए जा रहे हैं।

केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार की सुबह 10 बजे गंगा का जलस्तर 65.48 मीटर पर आ गया था। लखनऊ, कानपुर और पश्चिमी यूपी में भारी बारिश को गंगा के जलस्तर में बढ़ाव का कारण माना जा रहा है। पानी बढ़ने से कई घाटों की पांच सीढ़ियां डूब गईं हैं। वाराणसी में पांचवां मौका है जब गंगा का जलस्तर उफान पर है। घाटों के डूबने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है।देव दीपावली के आयोजनों में शामिल होने वालों का कहना है कि देव दीपावली से पहले घाटों की ठीक से सफाई होनी है। बाढ़ आने की वजह से अभी तक मिट्टी और गाद पूरी तरह से हटाई नहीं जा सकी थी। दीया लगाने के लिए घाटों और रेतों पर जगह भी चिन्हित किए जाने हैं।

गंगा में बाढ़ की वजह से देव-दीपावली की तैयारी अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि देव दीपावली से 3 दिन पहले ही पूरी तैयारियां कर ली जाएंगी। घाटों की साफ-सफाई का जिम्मा भी बेसिक शिक्षा के प्रभारियों को सौंपा गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर में देव दीपावली से जुड़े मैनेजमेंट को देखेंगे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने