मुख्यमंत्री ने अयोध्या में दीपोत्सव 2022 की तैयारियों की समीक्षा की

दीपोत्सव-2022 की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश

सभी सम्बन्धित विभाग समन्वय करते हुए दिव्यता
एवं भव्यता के साथ दीपोत्सव का आयोजन करायंे

अयोध्या में सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्यों
को प्राथमिकता प्रदान करने के निर्देश

दीपोत्सव के आयोजन से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग सहित
विभिन्न सड़कों की आवश्यकतानुसार मरम्मत करायी जाए

नयाघाट से श्रीराम जन्मभूमि मार्ग के चौड़ीकरण के कार्यांे
को प्राथमिकता देते हुये इसे मिशन मोड में क्रियान्वित किया जाए

नवनिर्मित बस स्टेशन के प्रभावी संचालन हेतु कार्यवाही की जाए

अयोध्या धाम के प्राचीन मठ एवं मंदिरों की रंगाई-पुताई पर ध्यान दिया जाए


लखनऊ: 12 अक्टूबर, 2022

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद अयोध्या में दीपोत्सव-2022 की तैयारियों की समीक्षा की। इस सम्बन्ध में अन्तर्राष्ट्रीय श्रीराम कथा संग्रहालय में आहूत एक बैठक में मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को दीपोत्सव-2022 की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी सम्बन्धित विभाग समन्वय करते हुए दिव्यता एवं भव्यता के साथ दीपोत्सव का आयोजन करायें।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि आधारभूत कार्यों को समय से पूरा किया जाए। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाय। उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम के प्राचीन मठ एवं मंदिरों की रंगाई-पुताई पर भी ध्यान दिया जाए। इस सम्बन्ध में संस्कृति विभाग द्वारा निर्देश दिये जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री जी ने अयोध्या में सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता प्रदान करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के आयोजन से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग सहित विभिन्न सड़कों की आवश्यकतानुसार मरम्मत करायी जाए। नयाघाट से श्रीराम जन्मभूमि मार्ग के चौड़ीकरण के कार्यांे को प्राथमिकता देते हुये इसे मिशन मोड में क्रियान्वित किया जाए। नवनिर्मित बस स्टेशन के प्रभावी संचालन हेतु कार्यवाही की जाए।
इसके पूर्व, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति श्री मुकेश कुमार मेश्राम ने दीपोत्सव-2022 के सम्बन्ध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि अयोध्या में 18 लाख दीपों का प्रज्ज्वलन होगा। इसमें अयोध्या के प्रमुख स्थल सम्मिलित हैं। राम की पैड़ी पर 15 लाख दीपों का प्रज्ज्वलन कराकर विश्व रिकॉर्ड बनाया जायेगा। नयाघाट पर मंत्रोच्चार के साथ भव्य सरयू आरती होगी। सम्पूर्ण अयोध्या तथा दीपोत्सव स्थल पर लाइटिंग का कार्य होगा। ग्रीन म्यूजिकल आतिशबाजी होगी।
अयोध्या के प्रमुख स्थलों पर अन्तर्राष्ट्रीय एवं देश के विभिन्न राज्यों के रामलीला दल रामलीला का मंचन करेंगे। 7 देशों के अन्तर्राष्ट्रीय तथा 9 राज्यों के दलों द्वारा रामलीला मंचित की जाएगी। श्री रामचरितमानस के प्रमुख प्रसंगों पर आधारित डिजिटल झांकी निकाली जायेगी। सूचना विभाग द्वारा भी परम्परागत झांकी/शोभायात्रा निकाली जायेगी। दीपोत्सव का थ्री0डी0 होलोग्राफी प्रेजेन्टेशन, मैपिंग एवं भव्य म्यूजिकल शो भी आयोजित होगा। विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे।
दीपोत्सव-2022 के सम्बंध में जिलाधिकारी श्री नितीश कुमार ने संक्षिप्त  विवरण प्रस्तुत करते हुए अभी तक की तैयारियों की जानकारी दी। इस अवसर पर सुरक्षा प्रबन्धों की जानकारी भी दी गयी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
-------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने