शनिवार को गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज गई। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर 63.70 मीटर दर्ज किया गया। शनिवार शाम   गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा होने वाली गंगा आरती का स्थान बदलना पड़ा। वहीं, अस्सी से राजघाट के बीच घाटों का आपसी संपर्क भी समाप्त हो गया।

केंद्रीय जल आयोग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार वाराणसी में गंगा का जलस्तर सुबह आठ बजे 63.40 मीटर था। इसके बाद गंगा के जलस्तर में तीन सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी दर्ज की गई। गंगा घाट पर बाढ़ की आशंका से किनारों पर जहां नौका सुरक्षित करने में नाविक लगे हैं, वहीं दूसरी ओर दुकानें भी अब ऊपर की ओर खिसकने लगी हैं। जलस्तर बढ़ने से वरुणा में पलट प्रवाह की आशंका से तटवासियों की चिंता बढ़ने लगी है। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती बढ़ते जलस्तर के कारण शनिवार को अपने स्थान से पीछे संपन्न हुई। बता दें कि आरती कोविड के कारण सांकेतिक रूप से हो रही है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे गंगा का जलस्तर बढ़ेगा, आरती घाट की सीढ़ियों पर होने लगेगी। गंगा का जलस्तर ज्यादा बढ़ जाने पर आरती  छत पर होने लगेगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने