(जौनपुर): वाराणसी-लखनऊ वाया अयोध्या रेलखंड पर जौनपुर-शाहगंज के बीच स्थित महगावां रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह रेल पटरी पर युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में क्षत-विक्षत शव पाया गया। वह ट्रक मालिक था और खुद वाहन चलाता था। प्रथम दृष्टया आत्महत्या करने की आशंका प्रतीत हो रही है।

शव देखकर ग्रामीणों ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने सरायख्वाजा थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस शव को पटरी से हटवाया। तलाशी में जेब से मिले कागजातों से मृतक की पहचान बदलापुर कस्बा निवासी 45 वर्षीय अशोक कुमार यादव के रूप में हुई। मालूम हो कि उक्त रेलमार्ग के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। अशोक कुमार यादव निजी ट्रक खुद चलाते हुए मिट्टी गिराने का कार्य कर रहे थे। गुरुवार की रात में भी वह मिट्टी लादकर आए थे। पुलिस की सूचना पर स्वजन भी आ गए। पुलिस को कारणों के बारे में पूछने पर वह कुछ नहीं बता सके। चर्चा है कि पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर अशोक कुमार यादव ने आत्महत्या कर ली।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने