आयर गांव निवासी डबलू यादव (28) पुत्र करिया का खून से लथपथ शव शुक्रवार सुबह घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर खेत में मिला। उसके गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई थी। प्रकरण में पिता ने डबलू यादव की पत्नी समेत नौ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस कई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

डबलू यादव गुरुवार देर शाम घर से निकला तो वापस नहीं आया। शुक्रवार सुबह उसकी लाश पड़े होने की सूचना पर परिजन सन्न रह गये। परिजनों ने बताया कि डबलू देर शाम परिवार के एक लड़के प्रद्युम्न यादव के साथ घर से निकला था। करिया यादव ने बहू और पट्टीदार के प्रद्युम्न के बीच बढ़ती नजदीकी को वजह बनाते हुए हत्या की तहरीर दी। बताया कि शादी के कुछ दिन बाद से ही प्रद्युम्न से बहू की नजदीकी सामने आ रही थी। इसके चलते वह पत्नी के साथ अलग रहने लगा। जब वहां भी प्रद्युम्न का आना जाना हुआ तो पति-पत्नी में विवाद बढ़ा। दो साल पहले भी प्रद्युम्न से इस संबंध में विवाद हुआ था। करिया यादव ने बहू, प्रद्युम्न यादव, विकास यादव, राजेश यादव, शकुंतला यादव, कन्हैया यादव समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। चोलापुर थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि गला रेतकर हत्या होने का पता चल रहा है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने