ब्लॉक लेवल पर स्वास्थ्य महकमा मुख्यमंत्री जी के संदेश को लोगों तक पहुंचाए- मंत्री श्री दत्तिगांव
जनता को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए जरूरी है जागरुकता अभियान: मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री ने की समस्त जिलों के क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों से बातचीत 
     धार 22 मार्च 2021- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मंत्रालय से वीडियो कान्फ्रेंस द्वारा समस्त जिलों के क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्यों से चर्चा की। साथ ही जिलों के क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्यों से सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने कहा है कि प्रदेशवासियों को हर स्थिति में फिर से फैल रहे कोरोना संक्रमण से बचाना है। इसके लिए जन-जागरूकता अभियान जरूरी है। ''मेरी सुरक्षा-मेरा मास्क'' पर पालन करते हुए हर व्यक्ति को अपनी सुरक्षा के लिए मास्क का उपयोग करना है। प्रदेश में जागरूकता अभियान शुरु किया जा रहा है। अधिकारी हों या जन-प्रतिनिधि या फिर आम नागरिक, सभी मिलकर इस अभियान को सफल बनाएँ। कोरोना का कहर गहरा हो इसके पहले हमें अपने सुरक्षात्मक प्रयास तेज करने होंगे। महाराष्ट्र से लगे हुए जिलों में सावधानी बढ़ानी होगी। रविवार को कुछ नगरों में लाक डाउन और कुछ जिलों में रात्रि 10 बजे बाजार बंद करने के निर्णय के बाद अब जागरूकता अभियान तेज करने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत प्रदेश में मंगलवार 23 मार्च को पूर्वान्ह 11 बजे और शाम 7 बजे सायरन बजने पर सभी लोग दो मिनिट कार्य रोक कर मास्क पहनें, अन्य लोगों को भी मास्क के उपयोग के लिए प्रेरित करें।
         जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रदेश के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्रीराजवर्धनसिंह दत्तिगांव, विधायक नीना विक्रम वर्मा, कलेक्टर आलोक कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक आदित्यप्रताप सिंह, राजीव यादव, सीईओ जिला पंचायत आशीष वशिष्ठ, एडीएम सलोनी सिडाना, सीएमएचओ डॉ आर सी पनिका, सिविल सर्जन डॉ अनुसुईया गवली सहित जिला क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यगण मौजूद थे। 
          मंत्री श्री दत्तिगांव ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि ब्लॉक लेवल पर स्वास्थ्य महकमा मुख्यमंत्री जी के संदेश को लोगों तक पहुंचाए, इसके लिए माइक्रो लेवल प्रकार किया जाए। कोविड-19 की रिपोर्ट मॉनिटरिंग प्रतिदिन की जाए। बाहर वाले जिलो से धार जिले में आने वाले लोगों को आइसोलेट किया जाए। बैठक में बताया कि जिले में अभी 15  फीवर क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। स्वास्थ विभाग अपने महकमे में पर्याप्त कर्मियों की व्यवस्था रखें, आवश्यकता होने पर इसके लिए प्रस्ताव भेजा जाए। टीकाकरण के लिए लोगों में जागरूकता लाने के लिए अपने मैदानी अमले का उपयोग किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में टीकाकरण किया जा रहा है, उसकी एक सूची जनप्रतिनिधि को भी उपलब्ध कराई जाए, जनप्रतिनिधिगण कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को जागरूक कर शत प्रतिशत टीका करवाएं। साथ ही जनप्रतिनिधियों को यह सूची 1 दिन पहले ही उपलब्ध करा दी जाए। 
       बैठक में कलेक्टर आलोक कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पूरा हप्ता प्रातः 11 बजे एवं शाम 7 बजे सायरन के माध्यम से लोगो को मास्क एवं सोशल डिस्टेंसिंग के लिए सचेत करवाया जाएगा। 23 मार्च को इस अभियान की शुरूआत के लिए सभी जनप्रतिनिधी एवं अधिकारी भी मैदान में उतरेंगे। रोको-टोको अभियान जारी रखा जाएगा, जिसमें लोगों को कोविड नियमों का पालन करने के लिए समझाइश दी जाऐगी एवं नियम उल्लंघन पर चालानी कार्रवाही की जाएगी। "मेरा मास्क मेरी सुरक्षा" अभियान 23 मार्च से प्रारंभ किया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति द्वारा मास्क का उपयोग किया जाये, कोविड-19 से बचाव हेतु प्रबुद्धजनों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से अपील है कि मास्क के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया में प्रसारित किया जाए। इस अभियान से लायन्स क्लब सामाजिक संगठन, एन.सी.सी., एन.एस. एस. आदि संगठन सहयोग प्रदान करेगे। जिले में पुलिस एवं नगर निगम के वाहनों से सोशल डिस्टेसिंग, मास्क, रोको-टोको अभियान संबंधी जनजागरण की सूचनाएँ सतत् रूप से प्रसारित की जाएं। जिले में सभी कार्यक्रम, आयोजनों, मेले आदि अनुमति उपरांत कोविड गाइडलाइन के अनुरूप ही किए जाएंगें। आयोजनों/ मेलों में लोगों की संख्या नियंत्रित की जायेगी। महाराष्ट्र राज्य से आए समस्त यात्रियों की पहचान कर इन्हें सात दिवस होम क्वारेंटाइन आवश्यक रूप से किया जाये। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों द्वारा आवश्यक रूप से किया जावे। जिले की समस्त दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रस्सी के माध्यम से अथवा चूने के गोले बनाकर सोशल डिस्टेसिंग सुनिश्चित कराई जावे। साथ ही दुकानों/प्रतिष्ठानों में आने वालों के लिए मास्क का इस्तेमाल प्रतिष्ठान द्वारा सुनिश्चित कराया जावे। इनका पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर जिला प्रशासन वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करे। बैठक में बताया कि कोविड-19 टीकाकरण का प्रतिशत बढ़ाने के लिए गांव कस्बो तक सूचना पहुचाई जाने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठन, पंचायत, नगर पालिका/नगर परिषद् के वाहनों के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाने का निर्णय लिया गया है। बैठक मे सदस्यो को जिला प्रशासन के द्वारा कोविड-19 के बचाव के लिए एवं टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे प्रयासो के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि तहसील, अनुभाग एवं पुलिस थानों में क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी बनाकर कोरोना से बचाव के लिए बैठक आयोजित की जावे एवं कोरोना से बचाव के लिए अभियान चलाया जाए। कोरोना से बचाव हेतु पूर्व की भांति व्यापक प्रचार-प्रसार की किया जावे एवं नियमों का पालन न करने वालों के विरूद्व वैधानिक एवं दाण्डिक कार्यवाही की जावे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने