गिरजा शंकर गुप्ता
आंबेडकर नगर 1 मार्च 2021। आलापुर तहसील की जहांगीरगंज में महिलाओं की बेहतरी सुनिश्चित करने में समाज की भूमिका अहम है। ऐसे में जरूरत है कि न सिर्फ महिलाओं को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए प्रेरित किया जाए, वरन उन्हें सकारात्मक माहौल भी प्रदान किया जाए। यह विचार फतेह मोहम्मद मेमोरिएल इंटर कॉलेज जहांगीरगंज में आयोजित मजबूत घर मजबूत समाज शीर्षक पर आयोजित महिला गोष्ठी में प्रवक्ता समाज सेविका संध्या गुप्ता ने प्रकट किए।
समाज सेविका ने कहा कि महिलाएं परिवार, समाज व देश की नींव होती हैं। नींव के आधार पर भवन की मजबूती तय होती है। इसी प्रकार महिलाओं को भी सशक्त बनाना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि रूढ़िवादिता की जंजीर में जकड़ीं महिलाएं अब उसे जंजीर को तोड़कर विकास के पथ पर अग्रसर हो रही हैं। हालांकि संपूर्ण महिला समाज की बेहतरी सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार के साथ-साथ समाज को अभी आगे आने की जरूरत है। प्रवक्ता मिस मगफेरा हसन अलीग ने कहा कि महिलाओं में धैर्य, साहस और नेतृत्व करने की जबरदस्त क्षमता होती है। मौजूदा समय में हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जिसका लाभ समाज व देश को मिल रहा है,एसएन इंटर कॉलेज इंदईपुर के पूर्व प्रधानाचार्य ताज मोहम्मद ने कहा कि नारी को आदिकाल से शक्ति के रूप में पूजा जाता है। शक्ति का दूसरा नाम ही नारी है। महिलाएं अपने दम पर कुछ भी हासिल करने में सक्षम हैं, जरूरत सिर्फ उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करने की है। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की अनदेखी महिलाओं को ही नहीं, वरन समाज को भी कमजोर करती है। ऐसे में जरूरत है कि प्रत्येक व्यक्ति महिलाओं व बालिकाओं के उत्थान में अपनी भूमिका अदा करे। इस मौके पर प्रधानाचार्य मो. तौफीक अंसारी, मो. इरफान, रमजान अली, फिरोज अख्तर, राजेंद्र प्रसाद यादव, मुशर्रफ रजा व शैलेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने