NCR News:भक्त प्रह्लाद के भगवान के प्रति विश्वास की जीत और अधर्म के दहन के उत्सव होली पर्व की रविवार को धूम रही। हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ होलिका दहन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सेक्टरों, सोसाइटियों मंदिरों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद शाम को निश्चित मुहूर्त पर होलिका में अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। महिलाओं ने गीत गाएं और परिवार की सुख, समृद्धि की प्रार्थना की। लोगों ने कोरोना से मुक्ति की मनोकामनाएं मांगीं। जिले में करीब 500 स्थानों पर होलिका दहन किया गया।फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि से दो दिवसीय होली उत्सव शुरू होता है। इसमें पहले दिन होलिका दहन और दूसरे दिन रंग खेला जाता है। रविवार को रीति रिवाजों के साथ कई आयोजन हुए। कुछ स्थानों पर होलिका दहन से पहले सत्यनारायण व्रत कथा की गई। भगवान विष्णु का भी पूजन हुआ। वहीं भक्त प्रह्लाद की कथा भी सुनाई गई। होलिका जलाने के लिए लकड़ी, गोबर के उपले, कपूर, लौंग आदि का प्रयोग किया गया। लोगों ने होलिका में गोबर के उपले से बनी माला, लौंग, इलायची, घी, कपूर, नारियल, गुड़ औषधीय लकड़ियों की आहुति दी। स्वास्थ्य एवं मंगलकामना के लिए कई लोग होलिका की राख घरों में ले गए।नोएडा स्थित सेक्टर-19 के सनातन धर्म मंदिर में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन हुआ। सेक्टर-11 धवल गिरी अपार्टमेंट, सेक्टर-52 अरावली, सेक्टर-62 रजत विहार, सेक्टर-82 केंद्रीय विहार, सेक्टर-26, 28, 12, 22, 71, 75, छिजारसी, भंगेल, सलारपुर, होशियारपुर, बरौला, हरौला, सर्फाबाद, नवादा, बहलोलपुर समेत विभिन्न सोसाइटियों में होलिका दहन हुआ। वहीं ग्रेटर नोएडा के डेल्टा वन, डेल्टा टू, गामा वन, ज्यू थर्ड, गामा टू, पाई, स्वर्ण नगरी, तुगलपुर, कासना आदि जगहों पर दोपहर में महिलाओं ने होलिका की पूजा की।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने