गिरजा शंकर गुप्ता
अंबेडकरनगर 12 फरवरी 2021।  जनपद के अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर मीरानपुर में  अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर चलने वाले यात्रियों व अकबरपुर नगर के नागरिकों के लिए राहत की खबर है। वर्षों से हल्की बारिश में ही अयोध्या मार्ग पर उत्पन्न हो जाने वाले जलभराव की समस्या से निजात मिलने वाली है। अरसे से मांग के बाद अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने अकबरपुर-अयोध्या मार्ग स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी के निकट से नाले का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। राज्य वित्त योजना के तहत 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नाले के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण को सौंपी गई है। अयोध्या मुख्य मार्ग के नीचे से जलनिकासी का प्रबंध इसमें होगा, जिससे पानी बहकर अंबेडकर पार्क के बगल से तमसा नदी में मिल सकेगा।
अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से हल्की बारिश में ही शीतला आश्रम के निकट से लेकर बनगांव मोड़ तक सड़क पर जलभराव हो जाता है। तेज बारिश में तो इस मार्ग पर घुटने तक पानी भर जाता है। जलभराव होने से सड़क भी क्षतिग्रस्त हो जाती है। शीतला आश्रम के निकट जगह-जगह सड़क पर गड्ढे हो गए हैं।

 जलनिकासी का संकट दूर करने के लिए अकबरपुर-अयोध्या मुख्य मार्ग के नीचे से पानी निकासी का प्रबंध किया जाएगा। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने इसे लेकर नगर पालिका के अधिकारियों से वार्ता कर उन्हें निर्देश दिया था कि निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग से कराया जाए।
अब नगर पालिका परिषद ने अकबरपुर अयोध्या मार्ग स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी के निकट मुख्य मार्ग पर नाला निर्माण शुरू करा दिया है। अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका सुरेश कुमार मौर्या ने बताया कि राज्य वित्त के तहत 12 लाख रुपये की लागत से नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। निर्माण कार्य में आर्थिक बाधा न हो, इसके लिए कार्यदायी संस्था को जरूरी राशि भी उपलब्ध करा दी गई है। इस बीच नगर पालिका से राशि प्राप्त होने के बाद गुरुवार से कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया है।
नागरिकों ने किया स्वागत
अकबरपुर-अयोध्या मुख्य मार्ग पर नाला निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ होने का नागरिकों ने स्वागत किया। ओम बूट हाउस के प्रोपराइटर अजय सिंह व वरिष्ठ व्यवसायी नरेंद्र जायसवाल ने कहा कि नाला निर्माण से जलभराव समस्या दूर हो जाएगी। इसकी अरसे से मांग चली आ रही थी। नवराश रिसॉर्ट के मालिक घनश्याम गुप्ता ने कहा कि जलभराव होने से आवागमन में मुश्किल होती है। अब जबकि नाला का निर्माण शुरू हुआ है, तो ऐसे में आने वाले दिनों में जलभराव जैसी समस्या से काफी राहत मिल सकेगी।

इस तरह दूर होगी दिक्कत
अकबरपुर नगर के अयोध्या मार्ग पर यूं तो जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण हुआ है, लेकिन बनगांव मोड़ के आगे जाकर नाली का पानी जाने के लिए कोई स्थान नहीं शेष बचा है। पहले यह पानी अलग खेतों व प्लाट में चला जाता था, लेकिन तेजी से होते निर्माण के चलते विभिन्न खेतों व प्लाट में घरेलू एवं व्यावसायिक भवन बन गए। इसी के चलते थोड़ी सी बरसात में ही जलाशय की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। अब डॉ. अंबेडकर पार्क के निकट अकबरपुर-अयोध्या मुख्य मार्ग को तोड़कर बड़े नाले का निर्माण होगा। इससे सड़क के एक तरफ से नाली का पानी निर्मित होने वाले नए नाले के माध्यम से सड़क को पार कर अंबेडकर पार्क के बगल स्थित तमसा नदी में मिल जाएगा।
जनता का हित सर्वोपरि
अकबरपुर नगर में लगातार आम नागरिकों के हित में कार्य कराए जा रहे हैं। ऐसे कार्य भी हो रहे हैं, जो दशकों से लंबित थे। नागरिकों को हर तरह की सुविधा मुहैया हो, इसके लिए वह सभी इंतजाम किए जा रहे हैं, जो संभव हैं। जनता का हित सदैव सर्वोपरि रहा है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने