लूटपाट-चोरी की घटनाओं से वैश्य समाज में आक्रोश  
धार। जिला मुख्यालय व धार जिले में लूटपाट और चोरियों की घटनाओं पर प्रदेश के महासम्मेलन जिला इकाई द्वारा गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस की भूमिका पर कई सवाल उठाए हैं। वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश उपाध्यक्ष अनंत अग्रवाल, प्रदेश के महामंत्री महेश माहेश्वरी, जिला अध्यक्ष विट्ठल गर्ग  ने अपने एक संयुक्त बयान में कहा है कि धार मुख्यालय व धार जिले में लगातार लूटपाट, चोरियों की घटनाएं होना, राहगीरों से लूटपाट तथा महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं से आम जीवन में चिंता है। हॉट बाजारों में भी लूटपाट व डराने धमकाने एवं महिलाओं के गले से उनकी चेन व मंगलसूत्र सरेआम छीने जा रहे हैं।  इस तरह की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस की निष्क्रियता साफ दिख रही है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने में व अपराधों को रोकथाम करने में असफल सिद्ध हो रही है। इतना ही नहीं पूरे जिले में यातायात की व्यवस्था बिगड़ गई है। इस कारण रोज दुर्घटनाएं हो रही है। संबंधित  फरियादी जब अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचती है तो उसे अनदेखा  किया जाता है। कई बार तो उनकी शिकायतों की रिपोर्ट लिखने में आनाकानी कर उन्हें लौटा दिया जाता है। पुलिस की निष्क्रियता को लेकर बयानकर्ताओं ने प्रदेश के गृहमंत्री एवं गृह सचिव को पत्र लिखकर घटनाओं पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। जानकारी मीडिया प्रभारी सुभाष जैन ने दी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने