नगर निगम कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों के लिए शुक्रवार दोपहर बाद मतदान शुरू हो गया है। मतदान करने के लिए दोपहर करीब दो बजे कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी निगम पहुंचे। चुनाव में पार्षदों के अलावा महापौर, दोनों सांसद, शहरी क्षेत्र के तीनों विधायक और तीनों एमएलसी को मतदान का अधिकार है।

12 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों का कार्यकाल एक जनवरी को खत्म हो गया था। इसके लिए शुक्रवार को महापौर अभिलाषा गुप्ता की अध्यक्षता और भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में गहमागहमी के बीच नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। भापजा से पार्षद अखिलेश सिंह, दीपू जायसवाल, रोहित मालवीय और रिंकी यादव, सपा से अमरजीत यादव, रमीज अहमद और कांग्रेस से सुशील कुमार ने नामांकन किया। अखिलेश के प्रस्तावक पार्षद रतन दीक्षित, दीपू के ओपी द्विवेदी, रोहित के रोचक दरबारी, रिंकी के प्रस्तावक कमलेश तिवारी थे। अमरजीत के पार्षद नेम यादव, रमीज के फजल खान और सुशील के प्रस्तावक अशोक सिंह थे।

इन सदस्यों का कार्यकाल खत्म

छह सदस्यों नीलम यादव, अनिल कुशवाहा, मिथलेश सिंह, अनीस अहमद, अशोक सिंह और सत्येंद्र चोपड़ा का कार्यकाल खत्म हुआ था।

इन सदस्यों का कार्यकाल बचा

अल्पना निषाद, शिव भारतीय, नंदलाल, मो. आजम, कमलेश तिवारी और जगमोहन गुप्ता का कार्यकाल बचा है। बचे सदस्यों में अल्पना कांग्रेस, मो. आजम सपा और बाकी चार भाजपा के हैं।

इन पार्षदों ने नहीं डाले वोट

पार्षद विनोद सोनकर जेल में बंद हैं। पार्षद रमेश मिश्रा और निहाल कुमार उर्फ बच्चा पासी शहर से बाहर होने के कारण वोट नहीं डाल सके।

मौजूदा समय में 79 पार्षद

दरियाबाद वार्ड के पार्षद एहतेशाम रिजवी के निधन से एक पद खाली है। मौजूदा समय में कुल 79 पार्षद हैं। इसमें से भाजपा के 36, सपा के 24, कांग्रेस के 10, बसपा के तीन, शिवसेना के एक और पांच अन्य शामिल हैं।

कब क्या हुआ

-सुबह 11.30 से दोपहर 12 बजे तक नामांकन

-12 से 12.30 बजे तक नाम वापसी

-12.30 से 1.30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच

-1.30 से शाम 5 बजे तक मतदान

-5 बजे के बाद मतगणना

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने