कृषि विज्ञान केन्द्र बहराइच प्रथम का कृषि मंत्री ने किया निरीक्षण
कृषि अधिकारियों व वैज्ञानिकों के साथ की बैठक
चित्र संख्या 01 से 04 तक तथा फोटो कैपशन 
बहराइच 08 जनवरी। गत दिवस 01 दिवसीय जनपद भ्रमण पर आये मा. मंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग, उत्तर प्रदेश श्री सूर्य प्रताप शाही ने वृहस्पतिवार को देर शाम कृषि विज्ञान केन्द्र बहराइच प्रथम का सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी के साथ भ्रमण कर आचार्य नरेंद्र देव एवं कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलपति डाॅ. विजेंद्र सिंह, निदेशक प्रसार प्रोफेसर ए.पी. राव, उप कृषि निदेशक डाॅ. आर.के. सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र बहराइच प्रथम के प्रभारी अधिकारी डाॅ. एम.पी. सिंह तथा कृषि विज्ञान केन्द्र नानपारा बहराइच के अध्यक्ष डाॅ. बी.पी. शाही तथा कृषि विज्ञान केन्द्र बहराइच के अन्य वैज्ञानिकों व अधिकारियों के साथ बैठक कर कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रगति की समीक्षा की। 
बैठक के दौरान मा. मंत्री श्री शाही ने निर्देश दिया कि किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों तथा अनुसंधानों को आगे बढ़ाया जाय जिससे किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य सन 2022 तक अवश्य पूरा कर लिया जाय। श्री शाही ने सुझाव दिया कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु किसानों को समन्वित कृषि प्रणाली को अपनाने की सलाह दी जाय। 
सांसद बहराइच एवं विधायक पयागपुर की ओर से सुझाव प्राप्त हुआ कि किसानों का प्रदर्शन के लिए चयन क्षेत्र के विधायकों के द्वारा प्राप्त सूची के आधार पर किया जाए तथा यह भी सुनिश्चित किया जाय कि एक बार में एक ही किसान को कृषि योजनाओं का लाभ मिले। कुलपति डाॅ. सिंह ने सुझाव दिया कि कृषि विज्ञान केन्द्र के माध्यम से नवयुवकों को रोज़गारपरक प्रशिक्षण प्रदान किया जाय ताकि बेरोज़गारी की समस्या पर अंकुश लग सके। कृषि विश्वविद्यालय की विभिन्न परियोजनाओं को सुचारू रूप से संचालित किये जाने के उद्देश्य से डाॅ. सिंह द्वारा कृषि मंत्री से अतिरिक्त बजट आवंटन की भी अपेक्षा की गयी।  
बैठक के दौरान निदेशक प्रसार प्रोफेसर श्री राव द्वारा फसल अवशेष प्रबन्धन में विभिन्न कृषि विज्ञान केन्द्रों की उपलब्धियों की जानकारी दी गयी। केन्द्र प्रभारी डाॅ. एम.पी. सिंह ने कृषि विज्ञान केन्द्र का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि केन्द्र द्वारा प्रवासी श्रमिकों को 18 ट्रेनिंग दी गई थी जिनमें से 80 लोगो द्वारा अपना व्यवसाय मशरूम, वर्मी कम्पोस्ट, मधुमक्खी पालन के रूप में शुरू कर दिया गया है। नानपारा कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष ने जनजातीय गांव में चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। जबकि उप कृषि निदेशक डाॅ. आर.के. सिंह द्वारा जनपद में विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया गया।  
बैठक से पूर्व कृषि मंत्री श्री शाही ने सांसद बहराइच व विधायक पयागपुर सहित अन्य अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों के साथ कृषि विज्ञान केन्द्र का निरीक्षण कर नवनिर्मित भवनों व चहारदीवारी को देखा तथा कार्यदायी संस्था उ.प्र. राजकीय निर्माण निगम के अभियन्ता को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता को बनाये रखते हुए कार्य को माह के अन्त तक अवश्य पूरा कर लिया जाय। 
कृषि मंत्री श्री शाही ने कुलपति डाॅ. सिंह व अन्य के साथ प्रक्षेत्र पर बीज उत्पादन के लिए लगायें गये स्टाल गेहॅू की प्रजाति एचडी 3271, मसूर की नवीन प्रजाति आई.पी.एल 316, अरहर की प्रजाति नरेंद्र अरहर-1 के साथ-साथ प्रक्षेत्र पर लगायी गयी गेहॅू की 14, मक्के की 04, मसूर व सरसों की 03-03 प्रजातियों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान श्री शाही ने निर्देश दिया कि सर्वश्रेष्ठ प्रजातियों का चयन कर किसानों के खेत पर प्रदर्शन कराया जाय। मंत्री श्री शाही ने कृषि विज्ञान केन्द्र स्थित पाॅली हाउस का भी निरीक्षण कर रोपित की जाने वाली टमाटर एवं शिमला मिर्च की प्रजातियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
                               :ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः 
प्रवर्तन की प्रभावी कार्यवाही करते हुए राजस्व वसूली को बढा़या जाय: डीएम
चित्र संख्या 05 व 06 तथा फोटो कैपशन
बहराइच 08 जनवरी। जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर राजस्व वसूली, विभाग द्वारा निर्गत आर.सी. के सापेक्ष वसूली की प्रगति तथा विभागों द्वारा प्रवर्तन की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि नववर्ष में नयी स्फूर्ति एवं ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए माॅग के अनुसार शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करें। 
वाणिज्य कर राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान विभाग को निर्देश दिये गये कि जारी की गयी आर.सी. को अद्यतन करते हुए तहसीलों से समन्वय स्थापित कर वसूली के लिए अभियान संचालित करें। बैंक देयों की वसूली की समीक्षा के दौरान लीड बैंक प्रबन्धक को निर्देश दिया गया कि वसूली के लिए तहसीलों को वाहन की सुविधा उपलब्ध करायें ताकि वसूली अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। बैंकों द्वारा जारी आर.सी. पोर्टल पर प्रदर्शित न होने के सम्बन्ध में श्री कुमार ने निर्देश दिया कि सूचना विज्ञान केन्द्र से सहयोग प्राप्त कर समस्या का समाधान कराया जाय।
विद्युत देयों की वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि जिन बकायेदारों के विरूद्ध आर.सी. जारी की जाय उनके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही भी की जाय। श्री कुमार ने यह भी निर्देश दिया कि ऐसे उपभोक्ताओं के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही में शिथिलता बरतने वाले विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध भी नियमानुसार कार्यवाही अमल में लायी जाय। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जिन विद्युत बकायेदारों के सम्बन्ध में आर.सी. जारी की जाये उनके सम्बन्ध में यदि विभाग द्वारा कोई कार्यवाही या सेटलमेन्ट किया जाता है तो उक्त कार्यवाही से तहसीलों को भी अवश्य अवगत कराया जाय। 
परिवहन देय की वसूली की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि राजस्व की वसूली हेतु प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की जाय तथा ज़ब्त किये गये वाहनों को खड़ा करने के सम्बन्ध में तहसीलों से सहयोग प्राप्त कर स्थान भी चिन्हित किया जाय। खनिज देयों की वसूली के दौरान निर्देश दिया गया कि सम्पूर्ण जनपद विशेषकर सीमावर्ती व दूरस्थ क्षेत्रों में प्रवर्तन की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। सहकारिता विभाग की वसूली की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि अपर जिलाधिकारी के साथ बैठक कर वसूली के सम्बन्ध में कार्ययोजना तैयार करें। बैठक के दौरान कर-करेत्तर से सम्बन्धित अन्य विभागों की वसूली की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि प्रभावी प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए लक्ष्य/माॅग के अनुसार राजस्व वसूली सुनिश्चित करायें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जयचन्द्र पाण्डेय, मुख्य राजस्व अधिकारी प्रदीप कुमार यादव, उप जिलाधिकारी सदर सौरभ गंगवार आईएएस, नानपारा के सूरज पटेल आईएएस, महसी के एस.एन. त्रिपाठी, कैसरगंज के महेश कुमार कैथल, पयागपुर के कीर्ति प्रकाश भारती, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी शोभाराम वर्मा, डी.एफ.ओ. कतर्नियाघाट यशवन्त, प्रशिक्षु आईएफएस चिन्तन डोबारिया सहित कर-करेत्तर विभागों के अधिकारी, तहसीलदारगण व कलेक्ट्रेट के पटल सहायक मौजूद रहे।
                     :ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई राजस्व कार्यो की समीक्षा बैठक 
चित्र संख्या 07 व 08 तथा फोटो कैपशन
बहराइच 08 जनवरी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि खण्ड विकास अधिकारियों से समन्वय करते हुए आवास के लिए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को भूमि का आवंटन किया जाय ताकि सभी ज़रूरतमन्दों का आवास की सुविधा उपलब्ध हो सके। 
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पौधरोपण के लिए पूर्व के वर्षों में आवंटित की गयी भूमि का शत-प्रतिशत सर्वे करा लिया जाय और ऐसी आवंटित भूमि जहाॅ पर पौधरोपण नहीं किया गया है उसे दूसरे प्रयोजन हेतु उपयोग में लाया जाय। सभी पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लम्बित वादों का निस्तारण मानक के अनुसार कराया जाय तथा 05 वर्ष से अधिक अवधि के लम्बित वादों के निस्तारण हेतु अभियान संचालित किया जाय।
बैठक के दौरान स्टाम्प एवं चकबन्दी वादों का निस्तारण, दाखिला, पेंशन, विभागीय कार्यवाही, आडिट आपत्ति, मजिस्ट्रियल जाॅच, सर्वहित किसान बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना से सम्बन्धित प्रकरणों के निस्तारण इत्यादि की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।  
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जयचन्द्र पाण्डेय, मुख्य राजस्व अधिकारी प्रदीप कुमार यादव, उप जिलाधिकारी सदर सौरभ गंगवार आईएएस, नानपारा के सूरज पटेल आईएएस, महसी के एस.एन. त्रिपाठी, कैसरगंज के महेश कुमार कैथल, पयागपुर के कीर्ति प्रकाश भारती, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी शोभाराम वर्मा, तहसीलदारगण व कलेक्ट्रेट के पटल सहायक मौजूद रहे।
                     :ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः 
जेल प्रीमियर लीग सीजन-2 की विजेता बनी सुपर 08 
चित्र संख्या 09 तथा फोटो कैपशन
बहराइच 08 जनवरी। जिला कारागार बहराइच में आयोजित जेल प्रीमियर क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-2 का फाइनल मैच में सुपर-8 ने थण्डर बोल्ट को सुपर ओवर में पराजित कर प्रतियोगिता को अपने नाम किया। विजेता टीम सुपर 08 की ओर से 24 रनों का योगदान देने तथा 01 विकेट प्राप्त करने वाले कप्तान अंकित उर्फ फास्टर को मैन आॅफ द मैच घोषित किया गया। जेल अधीक्षक ए.एन. त्रिपाठी ने दोनों टीमों के मध्य टास कराया जबकि डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार व शरेन्दु कुमार त्रिपाठी ने कमेन्टेटर की भूमिका निभायी तथा अम्पायर की भूमिका का निर्वहन शोएब द्वारा किया गया। मैच की समाप्ति के पश्चात जेल अधीक्षक श्री त्रिपाठी ने विजेता व उप विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की गयी। 
इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री त्रिपाठी ने बंदियों को आश्वासन दिया कि इस प्रकार के खेल-कूद प्रतियोगिताओं की निरन्तरता लगातार बनी रहेगी। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी जेलर शरेन्दु कुमार त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर जेलर वी.के. शुक्ल, चिकित्साधिकारी डाॅ. आभास अंकुर श्रीवास्तव, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार, फार्मासिस्ट रवीन्द्र शुक्ल सहित सभी कर्मचारीगण उपस्थित रहे। 
ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
मण्डल से चयनित होगा थारू जनजाति लोक नृत्य दल 
बहराइच 08 जनवरी। उप निदेशक सूचना देवीपाटन मण्डल गोण्डा डाॅ. राजेन्द्र यादव ने बताया कि उ.प्र. दिवस-2021 के उपलक्ष्य में संस्कृति विभाग द्वारा मण्डल स्तर पर सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। प्रतियोगिता के विजयी कलाकारों को 24 से 26 जनवरी 2021 की अवधि में नोयडा एवं लखनऊ में आयोजित ‘‘उत्तर प्रदेश दिवस-2021 के अवसर पर पुरस्कार स्वरूप वेशभूषा/वाद्य यंत्र क्रय हेतु सहायता प्रदान करते हुए विजयी प्रतिभागी दलों को आयोजन में भी सहभागिता प्रदान की जायेगी। 
डी.डी. सूचना डाॅ. यादव ने बताया कि देवीपाटन मण्डल हेतु मण्डल स्तर पर आयोजित होने वाली सांस्कृतिक प्रतियोगिता में थारू जनजाति लोकनृत्य पर आधारित सांस्कृतिक दलों को अपने आवेदन-पत्रों को आवेदन पत्र जमा करने की अन्तिम तिथि 12 जनवरी, 2021 तक मण्डलीय सूचना कार्यालय में भेजना होगा। प्रतियोगिता से संबन्धित आवेदन पत्र सम्बन्धित जिले के जिला सूचना कार्यालय से निःशुल्क अथवा संस्कृति निदेशालय की वेबसाइट यूपीकल्चर डाट यूपी डाट एनआईसी के माध्यम से प्राप्त किये जा सकते हैं। मण्डल स्तर पर 18 जनवरी 2021 को पूर्वान्ह 11ः00 बजे से टाउन हाल में सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। 
                        :ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
न्यायिक प्रतिष्ठान में स्थानीय अवकाशों की सूची जारी
बहराइच 08 जनवरी। वर्ष 2021 में न्यायिक प्रतिष्ठान बहराइच में 14 जनवरी को मकर संक्रांति, 14 अक्टूबर को दुर्गा नवमी, 19 अक्टूबर को बारावफात, 03 नवम्बर को नरक चतुर्दशी तथा 06 नवम्बर 2021 को चित्रगुप्त जयन्ती/भैय्यादूज के अवसर पर स्थानीय अवकाश रहेगा। जिला बार एसोसिएशन बहराइच द्वारा स्थानीय अवकाश के सम्बन्ध में प्रेषित पत्र का संज्ञान लेते हुए जनपद न्यायाधीश द्वारा स्थानीय अवकाशों के लिए प्रशासनिक आदेश जारी किया गया है। जनपद न्यायाधीश की ओर से जारी प्रशासनिक आदेश में यह भी जानकारी दी गयी है कि वर्ष 2021 में 28 मार्च 2021 होली एवं 15 अगस्त 2021 स्वतन्त्रता दिवस के अवकाश के दिन रविवार पड़़ने के कारण उनके एवज़ में क्रमशः 30 मार्च 2021 एवं 13 अगस्त 2021 को स्थानीय अवकाश रहेगा।
                      :ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
आई.टी.आई. में प्रवेश हेतु आवेदित अभ्यर्थी 15 जनवरी तक जाम कर सकते हैं आवेदन
बहराइच 08 जनवरी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बहराइच के प्रधानाचार्य प्रदीप अग्निहोत्री ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के अन्तर्गत संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2020-21 में प्रवेश सत्र अगस्त 2020 के लिए प्रवेश की अन्तिम तिथि 16 जनवरी 2021 तक बढ़ा दी गयी है। बहराइच में संचालित राजकीय आई.टी.आई. बहराइच 103, नानपारा 104, लखैयाकला नानपारा-बहराइच,  नानपारा 220, बंजारन टाण्डा, नानपारा-बहराइच, रेहुवा मंसूर महसी-219 रामगांव रोड गड़वा तथा कैसरगंज 431 कटघरा कला, हुजुरपुर रोड-बहराइच में (एन.सी.वी.टी. व एस.सी.वी.टी.) में प्रशिक्षण सत्र 2020-2021 में चतुर्थ चरण के अन्तर्गत व्यवसायों में रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रवेश हेतु प्रवेश/चयन की कार्यवाही नोडल संस्थान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बहराइच परिसर में सम्पन्न की जानी है।
प्रधानाचार्य श्री अग्निहोत्री ने बताया कि सत्र 2020 में चयन हेतु आनलाइन आवेदित अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र 15 जनवरी 2021 के अपरान्ह 01.00 बजे तक जमा कर सकते है, तदुपरान्त काउन्सलिंग/चयन की कार्यवाही सम्पन्न की जायेगी तथा चयनित अभ्यर्थी 16 जनवरी 2021 की अपरान्ह 02.00 बजे तक प्रवेश ले सकेगंे। श्री अग्निहोत्री ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निजी आई.टी.आई. में 16 जनवरी 2021 तक पंजीकरण कराकर प्रवेश ले सकते है।
                                  :ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
साप्ताहिक बन्दी दिवस घोषित
बहराइच 08 जनवरी। जिला मजिस्ट्रेट शम्भु कुमार द्वारा वर्ष 2021 हेतु जनपद बहराइच के नगर पालिका क्षेत्र तथा टाउन एरिया क्षेत्र के अन्तर्गत स्थित समस्त दुकान और वाणिज्य अधिष्ठान जो उत्तर प्रदेश दुकान और वाणिज्य अधिष्ठान अधिनियम 1962 की अनुसूची 2 में सम्मिलित नहीं हैं, के लिए साप्ताहिक बन्दी के दिन का निर्धारण कर दिया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका क्षेत्र बहराइच एवं नानपारा तथा अधिसूचना संख्या 12/1245 दिनांक 21 अक्टूबर 2014 के द्वारा अधिसूचित नये क्षेत्र रिसिया, पयागपुर, मटेरा बाज़ार, शंकरपुर, नवाबगंज, रूपईडीहा, मिहींपुरवा, महाराजगंज, कैसरगंज तथा फखरपुर के लिए साप्ताहिक बन्दी दिवस रविवार होगा। जबकि जरवल कस्बा क्षेत्र एवं उक्त अधिसूचना के अनुसार जरवल रोड एवं हुज़ूरपुर क्षेत्र के लिए साप्ताहिक बन्दी का दिवस मंगलवार होगा।
                       :ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः
जनपद के 03 स्थान घोषित किये गये कन्टेनमेन्ट ज़ोन 
बहराइच 08 जनवरी। जनपद के तहसील कैसरगंज अन्तर्गत ग्राम लोहारन पुरवा हरचंदा, तहसील सदर के नगर पालिका परिषद अन्तर्गत मोहल्ला सलारगंज व हनुमानपुरी कालोनी में 01-01 व्यक्ति के पीड़ित/संक्रमित पाये जाने के फलस्वरूप जिला मजिस्ट्रेट द्वारा सम्बन्धित क्षेत्र को कन्टेनमेन्ट ज़ोन घोषित करते हुए तत्काल प्रभाव से कोविड-19 के फैलाव को रोकने एवं बचाव व नियंत्रण किये जाने के उद्देश्य से तहसील कैसरगंज अन्तर्गत ग्राम लोहारन पुरवा हरचंदा, तहसील सदर के मोहल्ला सलारगंज व हनुमानपुरी कालोनी नगर पालिका परिषद में 07 जनवरी 2021 की रात्रि 08ः00 बजे से अग्रिम आदेश तक अस्थायी रूप से सील किये जाने एवं सम्पूर्ण क्षेत्र में प्रवेश एवं निकास तथा वाहनों के संचालन को अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर प्रतिबन्धित किये जाने के आदेश जारी किये गये हैं।
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा कन्टेनमेन्ट ज़ोन के लिए नोडल अधिकारी/सहायक नोडल अधिकारी तथा नोडल पुलिस अधिकारी व सहायक नोडल पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गयी है। कोविड-19 के संक्रमण का एकल प्रकरण होने के फलस्वरूप शहरी/ग्रामीण क्षेत्र में किसी एक घर में तथा उससे अधिक संक्रमण के प्रकरण पाये जाने पर अगल-बगल के अधिकतम एक-एक घर तक माइक्रो कन्टेनमेन्ट ज़ोन होगा। 
  :ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः

बहराइच से ब्यूरो हेड रामकुमार यादव की रिपोर्ट

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने