श्रीराम मंदिर निर्माण के आंदोलन से शुरू से ही जुड़े रहे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी धन संग्रह अभियान में सहयोग करेंगे। शनिवार को वह प्रयागराज आएंगे। यहां अयोध्या में भव्य एवं दिव्य मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए निधि अर्पित करेंगे। 

शनिवार दोपहर है कार्यक्रम

यह कार्यक्रम स्वामी वासुदेवानंद के आश्रम में दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। इस मौके पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी मौजूद रहेंगे। पार्षद पवन श्रीवास्तव ने बताया कि उप मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम चार बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। चूंकि मंदिर आंदोलन की रणनीति वासुदेवानंद व विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे स्व. अशोक सिंघल के सानिध्य में आश्रम में ही बनती थी। वही स्थान सभी के लिए ऊर्जा स्रोत होता था। यही वजह है कि निधि संग्रह कार्यक्रम आश्रम में आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस में बैठक हुई। कार्यकर्ताओं को दायित्व भी दिए गए। इसमें पूर्व विधायक गुरु प्रसाद मौर्या, पूर्व विधायक दीपक पटेल, रणजीत सिंह, दिलीप श्रीवास्तव, अरुण अग्रवाल, अरविंद सिंह, रवि केसरवानी आदि मौजूद रहे।

आज आएंगे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव 

निधि संग्रह अभियान को गति देने के लिए शुक्रवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय आ रहे हैं। वह 24 जनवरी तक शहर में रहेंगे। साधु संतों व गणमान्य लोगों से मिलकर मंदिर निर्माण के लिए दान भी जुटाएंगे। प्रयागराज में धन संग्रह अभियान जोर-शोर से चल रहा है। आम लोगों के साथ ही हर वर्ग के नागरिक मंदिर के लिए खुले दिल से सहयोग कर रहे हैं। यहां तक कि प्रयागराज में कूपन भी समाप्त हो गए थे। इस वजह से दोबारा कूपन मंगाने पड़े। 


Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने