अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 524 जनसेवा केंद्रों का संचालन ठप हो गया है। ऐसे में आय, जाति, निवास प्रमाणपत्रों के साथ ही खतौनी की नकल के लिए ग्रामीणों को संबंधित तहसील मुख्यालय तक का चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। दरअसल संबंधित जनसेवा केंद्र संचालकों की विभिन्न कारणों से आईडी जनरेट नहीं हो सकी है। इसके चलते उनका संचालन नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों को आय, जाति, निवास, खतौनी, राशनकार्ड, शादी अनुदान, हैसियत प्रमाणपत्र, दिव्यांग प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर नकल, टैक्स जमा करने समेत 26 सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा केंद्र का संचालन किया जा रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक हजार 60 जनसेवा केंद्र स्थापित हैं। इनमें से 130 जनसेवा केंद्र विभिन्न कारणों से अरसे से बंद पड़े हैं। संबंधित संचालकों द्वारा इनके संचालन की पहल नहीं की गई। ऐसे में समूचे जिले में सिर्फ 930 जनसेवा केंद्र का ही संचालन हो रहा था। बीते 15 नवंबर से इन 930 जनसेवा केंद्रों का भी संचालन पूरी तरह ठप हो गया। कारण यह कि शासन द्वारा ई-डिस्ट्रिक पोर्टल पर आईडी नवीनीकरण करने के लिए सभी संचालकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इसमें ई-मेल आइडी, फोन नंबर, जनसेवा केंद्र का स्थान व पुराना पासवर्ड मांगा गया था।

ई-डिस्ट्रिक कार्यालय के कर्मचारी दिलीप कुमार ने बताया कि शासन के दिशा निर्देश के बाद सभी 930 जनसेवा केंद्र संचालकों द्वारा मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध हो गए हैं। इनमें से 406 जनसेवा केंद्र की आईडी जनरेट कर दी गई, जिससे इनका संचालन भी सुचारु रूप से शुरू हो चुका है। 524 जनसेवा केंद्र की आईडी जनरेट न होने के चलते ही उनका संचालन प्रारंभ नहीं हो सका है।
*आईडी जनरेट न होने से हो रही समस्या*
जनसेवा केंद्र संचालक सुनीता देवी ने कहा कि जो दस्तावेज मांगे गए थे, वह सब उन्होंने संबंधित कार्यालय को उपलब्ध करा दिए हैं। इसके बावजूद अब तक उनकी आईडी जनरेट नहीं हो सकी है। इसके चलते प्रतिदिन ग्रामीण विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मायूस होकर उन्हें लौटना पड़ता है। सिझौली के अरुण कुमार, अन्नावां के शुभम अग्रहरि व राजकुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि डेढ़ माह से केंद्र का संचालन पूरी तरह ठप है। इसके चलते दिक्कतें हो रही हैं। कहा कि संचालन प्रारंभ कराने के लिए सभी जरूरी दस्तावेज संबंधित कार्यालय को उपलब्ध भी करा दिए, लेकिन अब तक आईडी जनरेट नहीं हो सकी है।
शीघ्र शुरू हो जाएगा संचालन
930 जनसेवा केंद्र का संचालन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहा है। शासन के दिशा निर्देश पर सभी संचालकों से जरूरी दस्तावेज मांगे गए थे। सभी ने कागजात दिए हैं। 406 की आईडी जनरेट हो चुकी है। शेष 524 की भी आईडी शीघ्र ही जनरेट हो जाएगी। इससे जल्द ही इनका संचालन शुरू हो जाएगा।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने