*पंचायत की मतदाता सूची में बढ़ गए 2.83 लाख वोटर*

*अयोध्या।* पंचायत की मतदाता सूची में जिले में करीब दो लाख 83 हजार मतदाता बढ़ गए हैं। अब जिले मेें वोटरों की संख्या लगभग 16 लाख 83 हजार हो गई है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद इसमें थोड़ा बहुत परिवर्तन होने की संभावना है।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को कराए जाने का आधार लगभग तैयार हो गया है। चुनाव का आधार मतदाता सूची होती है। इसकी तैयारी कर ली गई है। नए साल के पहले महीने में अंतिम प्रकाशन के बाद यह पूरी तरह से चुनाव के लिए तैयार हो जाएगी।
साल 2015 में कराए गए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के समय जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 15,48,098 थी। मतदाता सूची तैयार किए जाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर जिले में प्रगाढ़ पुनरीक्षण कराया गया।
इसके लिए पौने दो हजार बीएलओ लगाए गए थे। इन बूथ लेवल अफसरों ने घर-घर जाकर पुरानी मतदाता सूची से मिलान किया। एक जनवरी 2020 की अर्हता तिथि के आधार पर नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए आवेदन पत्र लिए गए। साथ ही परिवर्धन और संशोधन के साथ ही विलोपन के लिए आवेदन पत्र लिए गए।
पुनरीक्षण के बाद जिले में 2,83,384 मतदाता बढ़ गए। 1,48,203 मतदाताओं का नाम सूची से खारिज किया गया। इसके साथ ही 41,121 नामों का संशोधन किया गया। इस तरह से बढ़े और खारिज किए गए नामों के बाद अनंतिम प्रकाशन के बाद जिले में पंचायत की मतदाता सूची में 16,83,840 मतदाता हो गए। हालांकि अनंतिम प्रकाशन के बाद आयोग ने दावे आपत्तियों के साथ ही एक जनवरी 2021 को 18 साल की आयु पूरी करने वाले युवक युवतियों को नाम बढ़वाने का मौका भी दिया है। 18 साल का कोई व्यक्ति दो जनवरी तक इसके लिए दावा कर सकता है। इसके बाद पंचायत की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत की मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। दावे आपत्तियों के साथ ही एक जनवरी 2021 को 18 साल पूरा करने वाले लोगों से भी मतदाता बननेके लिए दावे आमंत्रित किए गए हैं। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।




Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने