अम्बेकरनगर_ धान क्रय केंद्र प्रभारियों की मनमानी से किसानों को धान बिक्री के लिए लंबा इंतजार करने को मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों का कम जबकि बिचौलियों के धान की खरीद ज्यादा की जा रही है। इसके अलावा कई अन्य समस्याएं बताकर किसानों को परेशान किया जा रहा है।
जिले में धान क्रय केंद्रों पर किसानों के उपज की खरीद सुचारु ढंग से हो, इसके लिए प्रशासन लगातार धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण व केंद्र प्रभारियों को जरूरी निर्देश दे रहा है। खरीद कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर प्रशासन की तरफ से कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।
हालांकि, कुछ क्रय केंद्र प्रभारियों पर इसका असर होता नहीं दिख रहा। क्षेत्र के किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में स्थापित धान क्रय केंद्रों पर किसानों के धान खरीद में मनमानी की जा रही है। इससे किसानों को न सिर्फ व्यापक मुुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है वरन क्रय केंद्रों पर लंबे इंतजार को भी मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों का यह भी कहना है कि धान में तमाम तरह की कमियां गिनाकर उन्हें परेशान करने का काम किया जा रहा है। किसानों ने प्रशासन से मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।
उधर, किसानों की उपज की खरीद सुचारु न होने से समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आशीष पाण्डेय दीपू ने नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के धान क्रय केंद्रों की दशा बेहद खराब है। किसानों को बेचे हुए धान के बदले मिलने वाली बकाया राशि के लिए हफ्तों धान क्रय केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे है। कहा कि पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल उच्चाधिकारियों से कई बार मिल चुका है। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। उन्होंने डीएम से किसानों को तय समय पर धान की बकाया राशि का भुगतान करवाने के साथ क्रय केंद्रों पर मनमानी खत्म करने की मांग की है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने