दी सेंट्रल बार के वार्षिक चुनाव में शनिवार को हुई मतगणना में अशोक उपाध्याय अध्यक्ष जबकि महामंत्री पद पर कन्हैयालाल पटेल निर्वाचित घोषित हुए। देर शाम हुई घोषणा के अनुसार अशोक कुमार उपाध्याय (1553) ने नजदीकी उम्मीदवार मोहन यादव (1495) को 58 मतों के अंतर से हराया। वहीं महामंत्री पद पर विजयी कन्हैयालाल पटेल को 1475 मत मिले जबकि दूसरे नंबर पर रहे अश्वनी कुमार राय ने 900 मत प्राप्त किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित सुरेशचंद्र यादव के पक्ष में 1286 मत पड़े। इस पद पर दूसरे नंबर पर रहे गिरिजेश कुमार सिंह को 785 मत मिले।

कैंट और शिवपुर थानों की पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में शनिवार सुबह आठ बजे सेंट्रल बार के सभाकक्ष में सभी 12 मतपेटियां खोली गईं। करीब 11 बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। एक बजे रुझान आने शुरू हो गये। शुरुआती एक हजार मतों की गणना के दौरान मोहन यादव ने 376 जबकि अशोक उपाध्याय ने 374 मत प्राप्त किए थे। ढाई हजार मतों की गिनती के बाद अशोक उपाध्याय के पक्ष में 952 मत, मोहन यादव के पक्ष में 915 मत पड़े थे। दोनों के बीच अंत तक यह अंतर बना रहा। जीत की घोषणा होते ही विजेता प्रत्याशियों के समर्थक जश्न मनाने लगे। पर्यवेक्षकों ने विजेता प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र सौंपा। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मालाएं पहनाकर समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। कचहरी परिसर रात में ढोल नगाड़े से गूंज उठा।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने